सुल्तानपुर गांव में आज सुबह बड़ी चोरी, अलमारी का ताला तोड़ ₹25 लाख के जेवर और नकदी ले उड़े चोर!
चंदौली के सुल्तानपुर गांव में अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर ₹25 लाख के कीमती गहने और नकदी पार कर दी। वारदात से इलाके में हड़कंप है और पुलिस जांच में जुटी है। पूरी खबर पढ़ें।
सुल्तानपुर गांव में बड़ी चोरी से हड़कंप
करीब 25 लाख रुपये के गहने गायब
कुंडी बंद कर आराम से हाथ साफ किया
पुलिस गश्त को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश
फॉरेंसिक टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य
चंदौली जिले के सदर विकास खंड अंतर्गत सुल्तानपुर गांव में अलसुबह हुई चोरी की एक बड़ी वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। यहाँ अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए नगदी समेत लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों पर साफ हाथ कर दिया। इस बड़ी घटना के बाद से पीड़ित परिवार गहरे सदमे और दहशत में है, वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था को लेकर भारी नाराजगी जताई है।
कमरे की कुंडी बंद कर वारदात को दिया अंजाम
पीड़ित सुनील पाण्डेय ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि देर रात अज्ञात चोर उनके घर की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए। चोरों ने बड़ी चालाकी से घर के अंदरूनी कमरों के दरवाजों की कुंडी बाहर से बंद कर दी, ताकि कोई जाग न सके। इसके बाद चोरों ने इत्मीनान से अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखे लगभग 50 से 60 हजार रुपये नगद समेत करीब 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के कीमती आभूषण चोरी कर लिए। चोरी गए सामान में सोने के हार, कंगन, तीन जोड़ी कान के आभूषण और कई महंगी साड़ियां शामिल हैं। सुबह जब परिजनों की आंख खुली तो घर का सारा सामान बिखरा देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
घटना के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से पुलिस की गश्त न होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। सूचना मिलते ही नवही चौकी प्रभारी तरुण कश्यप तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मोबाइल फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने फिंगरप्रिंट और अन्य अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने जल्द ही चोरों की गिरफ्तारी और मामले के खुलासे का आश्वासन दिया है।