गंगा तट के मंदिरों में बड़ी चोरी: हनुमान जी का चांदी का मुकुट और पीतल का भारी घंटा ले उड़े चोर, इलाके के तीन मंदिरों को चोरों ने बनाया निशाना
गंगा तट के तीन मंदिरों में चोरी
चांदी का मुकुट और घंटा गायब
ताले टूटे देख उड़े पुजारी के होश
धानापुर के नरौली गांव में सनसनी
चोरों की तलाश में जुटी पुलिस
चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नरौली गांव से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां गंगा नदी के तट पर स्थित तीन प्रमुख मंदिरों में बीती रात चोरों ने धाबा बोल दिया। चोरों ने बाबा सरजू दास कुटी, वीर बाबा मंदिर, शंकर मंदिर और हनुमान मंदिर को अपना निशाना बनाया। इस वारदात से पूरे इलाके के श्रद्धालुओं में भारी सनसनी फैल गई है।
सुबह पूजा करने पहुंचे पुजारी के उड़े होश
रोज की तरह जब मंदिर के पुजारी धनेश प्रजापति सुबह-सुबह पूजा-पाठ करने के लिए पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। मंदिरों के मुख्य दरवाजों के ताले टूटे हुए थे और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। पुजारी ने तुरंत इस बात की जानकारी गांव के लोगों को दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण मौके पर इकट्ठे हो गए।
लाखों रुपये के धार्मिक सामान पर साफ किया हाथ
बताया जा रहा है कि चोरों ने मंदिरों के अंदर रखे कीमती और पवित्र धार्मिक सामानों पर हाथ साफ कर दिया है। चोरी गए सामान में हनुमान जी का चांदी का मुकुट, करीब 100 किलो वजनी एक बड़ा घंटा, पीतल के 4-5 छोटे घंटे, पूजा-पाठ के बर्तन, लोटा और बाल्टी जैसी चीजें शामिल हैं। इस बड़ी चोरी के बाद से स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति काफी गुस्सा देखने को मिल रहा है।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही धानापुर थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। थाना प्रभारी ने इस मामले पर बात करते हुए बताया कि मंदिर बिल्कुल गंगा जी के किनारे सुनसान इलाके में स्थित है, जहां रात के समय कोई रहता नहीं है। इसी बात का फायदा उठाकर चोरों ने इस घटना को अंजाम दिया है।
फिलहाल पुलिस ने ग्रामीणों को शांत कराते हुए मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। पुलिस की एक टीम मंदिर के आसपास और नरौली गांव के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में लगी है। थाना प्रभारी का दावा है कि जल्द ही सुराग ढूंढकर चोरों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।