धौंस जमाने के लिए "3 इन 1 मार्का" का इस्तेमाल कर रही थी पशु तस्करी, चंदौली पुलिस ने किया शातिर गैंग का भंडाफोड़

खास बात यह रही कि स्कॉर्पियो पर भारतीय जनता पार्टी का झंडा, प्रेस की पट्टी और डॉक्टर का लेवल लगा हुआ था, ताकि पुलिस को धौंस दिखाकर ट्रक को आसानी से निकलवाया जा सके।
 

भाजपा का झंडा, प्रेस की पट्टी और डॉक्टर लेवल का कर रहे थे इस्तेमाल

ट्रक से 10 गोवंश बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

स्कॉर्पियो से कवर अप करने वाले दो आरोपी भी दबोचे गए

वाराणसी जिले से जुड़े सभी गिरफ्तार तस्कर

चंदौली जनपद की सदर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पशु तस्करी का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक ट्रक से 10 गोवंशीय पशु बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया, वहीं ट्रक को पास कराने के लिए आगे-आगे चल रही स्कॉर्पियो गाड़ी से दो अन्य तस्करों को भी हिरासत में ले लिया। खास बात यह रही कि स्कॉर्पियो पर भारतीय जनता पार्टी का झंडा, प्रेस की पट्टी और डॉक्टर का लेवल लगा हुआ था, ताकि पुलिस को धौंस दिखाकर ट्रक को आसानी से निकलवाया जा सके।

आपको बता दें कि एसपी आदित्य लांग्हे के निर्देश और प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मझवार रेलवे स्टेशन के आगे हाईवे पर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान ट्रक (UP67T5603) से 10 गोवंशीय पशुओं की बरामदगी हुई। पूछताछ में गिरफ्तार तस्करों ने बताया कि ये सभी मवेशी बिहार में बेचने के लिए ले जाए जा रहे थे।

स्कॉर्पियो का ‘थ्री इन वन’ मार्का

तस्कर पुलिस को गुमराह करने के लिए स्कॉर्पियो पर एक साथ प्रेस, भाजपा झंडा और डॉक्टर का लेबल लगाकर चलते थे। इस ‘थ्री इन वन मार्का’ का इस्तेमाल कर वे ट्रक को बिना रुकावट पुलिस नाकों से पास कराने की कोशिश करते थे।
गिरफ्तार तस्कर

पुलिस ने जिन तीन आरोपितों को पकड़ा है उनकी पहचान इस प्रकार हुई है:

  1.     उमेश कुमार सिंह (46 वर्ष) निवासी मिर्जामुराद, वाराणसी।
  2.     सूरज गौड़ (30 वर्ष) निवासी कपसेटी, वाराणसी।
  3.     पंकज यादव (30 वर्ष) निवासी सकलपुर, वाराणसी।

सभी का संबंध वाराणसी जिले से है और ये लोग लंबे समय से पशु तस्करी में लिप्त रहे हैं।

पुलिस की सख्ती

अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क और सरगनाओं तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। इस कार्रवाई में कई उपनिरीक्षक और सिपाही शामिल रहे।
आगे की कार्यवाही

सदर कोतवाली में आरोपितों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की घटनाओं पर अब स्थानीय स्तर से भी नकेल कसना शुरू कर दिया गया है।