व्यास नगर के पास ट्रेन से मोबाइल छिनैती के दौरान बड़ा हादसा, मोबाइल बचाने के चक्कर में ट्रैक पर गिरा यात्री
पंडित दीनदयाल उपाध्याय से व्यास नगर हादसा
ट्रेन से गिरकर यात्री हुआ घायल
मोबाइल छीनने की कोशिश में हादसा
आरपीएफ व्यास नगर की बड़ी कार्रवाई
दो शातिर मोबाइल चोर गिरफ्तार हुए
चंदौली जिले में DDU जंक्शन से व्यास नगर के बीच ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए चिंताजनक खबर सामने आई है। पहले जहां बदमाश रेलवे ट्रैक के किनारे खड़े होकर धीमी गति से गुजरने वाली ट्रेनों से मोबाइल झपटते थे, वहीं अब वे ट्रेन के अंदर चढ़कर यात्रियों को निशाना बना रहे हैं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से व्यास नगर के बीच हुई ताजा घटना ने रेल यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मंगलवार को मोबाइल छीनने के दौरान एक यात्री चलती ट्रेन से नीचे गिरकर बुरी तरह घायल हो गया।
मोबाइल बचाने के प्रयास में ट्रैक पर गिरा यात्री
जानकारी के मुताबिक, यात्री अभिषेक पाल ट्रेन संख्या 12792 दानापुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस के जनरल कोच में बक्सर से सिकंदराबाद की यात्रा कर रहा था। ट्रेन जब ब्लॉक हट बी के पास रेलवे ट्रैक पर घुमाव के कारण धीमी गति से गुजर रही थी, तब अभिषेक मोबाइल लेकर दरवाजे के पास खड़ा था। इसी दौरान दो बदमाशों ने उसका मोबाइल छीनने का प्रयास किया। खुद को और मोबाइल को बचाने की कोशिश में अभिषेक का संतुलन बिगड़ गया और वह रेलवे ट्रैक पर जा गिरा, जिससे उसके सिर में चोट आ गई।
अस्पताल में इलाज के बाद हालत में सुधार
घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल यात्री को आनन-फानन में उपचार के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलवे अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार दिया। राहत की बात यह रही कि समय पर इलाज मिलने से अब यात्री की स्थिति खतरे से बाहर और ठीक बताई जा रही है।
दो बदमाश गिरफ्तार
हादसे की सूचना मिलते ही आरपीएफ व्यास नगर की टीम एक्शन में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विक्की (निवासी मालीपुर, रोहतास, बिहार) और विक्रम (19 वर्ष, निवासी मोहम्मदबाद, चंदौली) के रूप में हुई है। दोनों फिलहाल खानाबदोश के रूप में रह रहे थे। हालांकि, घटना में शामिल इनका तीसरा साथी मौका पाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
आरोपियों को भेजा जेल
आरपीएफ पोस्ट व्यास नगर में इस संबंध में अपराध संख्या 352/26 के तहत रेलवे एक्ट की धारा 153 और 147 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पकड़े गए दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। इस घटना से सबक लेते हुए रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन के दरवाजे पर खड़े होकर मोबाइल का इस्तेमाल न करें।