बोलेरो में गो-तस्करी कर रहे 2 गैंगेस्टर गिरफ्तार, असलहा और कारतूस बरामद
इलिया थाना क्षेत्र में नहर के रास्ते तस्करी की थी योजना
इलिया पुलिस ने दो अंतर्जनपदीय गौ-तस्कर को किया गिरफ्तार
बोलेरो पिकअप सहित अवैध असलहा व कारतूस बरामद
चंदौली जिले की इलिया थाना पुलिस को मंगलवार को एक बड़ी सफलता मिली, जब गैंगेस्टर एक्ट के तहत वांछित दो शातिर गौ-तस्करों को एक बोलेरो पिकअप वाहन, अवैध असलहा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी सोनभद्र जनपद के रहने वाले हैं और लम्बे समय से गो-तस्करी जैसे संगठित अपराध में लिप्त थे।
आपको बता दें कि पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चंद्रशेखर (IPS) और क्षेत्राधिकारी चकिया नामेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में इलिया थानाध्यक्ष अरूण प्रताप सिंह व उपनिरीक्षक रविन्द्र कुमार सिंह ने टीम के साथ यह कार्यवाही की।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान साहवान अंसारी (35 वर्ष), निवासी महुआरी, थाना रॉबर्ट्सगंज, जनपद सोनभद्र तथा चाँद मुहम्मद उर्फ सोनू (20 वर्ष), निवासी खुटहनिया, थाना घोरावल, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई। इन दोनों के पास से 01 देशी तमंचा 315 बोर, 02 जिन्दा कारतूस, 02 मोबाइल फोन और ₹550 नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि हम दोनो इसी वाहन में सोनभद्र से गोवंशो को लादकर पन्नूगंज रायपुर होते हुए बिहार ले जाते है। इसीलिए हम लोग अपनी सुरक्षा के लिए यह तमंचा व कारतूस रखे हुए है अभियुक्तों को समय करीब 02.50 बजे लिया गया।
इस संबंध में थाना इलिया पर मुकदमा अपराध संख्या 44/2025, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा यह भी बताया गया कि अभियुक्त साहवान अंसारी पर पूर्व में लूट, आर्म्स एक्ट, गोवध अधिनियम व गैंगेस्टर एक्ट के तहत सात आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि चाँद मुहम्मद के विरुद्ध भी आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है और शेष आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
इस गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अरूण प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक रविन्द्र कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी कल्लन यादव एवं राजेश यादव शामिल रहे।