धीना पुलिस ने ट्रेन से तस्करी कर लाई जा रही अवैध शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
धीना पुलिस ने ट्रेन से तस्कर दबोचा
दो अंतरराज्यीय शराब तस्कर गिरफ्तार
96 पाउच अंग्रेजी शराब बरामद हुए
चन्दौली जिले के थाना धीना क्षेत्र में पुलिस ने 28 सितंबर 2025 को अवैध शराब तस्करी करने वाले दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक चन्दौली आदित्य लांग्हे के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चन्द्रशेखर एवं क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना धीना पुलिस टीम ने मुखबीर की सूचना पर कार्रवाई की।
आपको बता दें कि थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान रेलवे स्टेशन धीना के पास पगडंडी मार्ग से शराब ले जाते समय दोनों तस्करों को धर दबोचा गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान कयामुद्दीन पुत्र सरफुद्दीन निवासी बारो नया टोला, थाना फुलवरिया, जिला बेगुसराय, बिहार, उम्र लगभग 36 वर्ष और नितिश कुमार पुत्र राजेश, निवासी बजराहा, थाना धमदाहा, जिला पूर्णिया, बिहार, उम्र लगभग 19 वर्ष के रूप में हुई।
पुलिस ने उनके कब्जे से 96 पाउच अंग्रेजी शराब बरामद की, जिसमें कंपनी ऑफिसर च्वाइस ओरिजनल व्हिस्की, 180 एमएल की मात्रा शामिल थी। इस मामले में थाना धीना पर मुक़दमा अपराध संख्या 99/2025 धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई शुरू की गई है।
गिरफ्तारी में शामिल टीम के सदस्यों में थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद के साथ कांस्टेबल अमित सिंह और कांस्टेबल अजीत बिंद शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस गिरफ्तारी से न केवल अवैध शराब की आपूर्ति रोकी गई, बल्कि आम जनता और युवाओं को सुरक्षित वातावरण देने में भी मदद मिली है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में अवैध शराब तस्करों के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा और ऐसे किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।