चंदौली के टांडा कला पीपा पुल के पास मिला महिला का शव, 5-6 दिन पुराना होने की आशंका

 

चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह गंगा नदी में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। काले रंग के सलवार-कमीज में मृतका की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पहचान की कोशिशों में जुटी है।

 
 

* बलुआ थाना क्षेत्र में मिला शव
* टांडा कला पीपा पुल के पास बरामदगी
* काले रंग का पहना था सलवार-सूट
* करीब पांच-छह दिन पुराना है शव
* मृत महिला की पहचान की कोशिश जारी

 

चंदौली जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बलुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत टांडा कला पीपा पुल के पास शनिवार सुबह गंगा नदी में एक अज्ञात महिला का शव उतराता हुआ पाया गया। स्थानीय लोगों ने जब नदी में शव देखा, तो तत्काल इसकी सूचना बलुआ पुलिस को दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

मृतका की पहचान करने में करें मदद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृत महिला की उम्र लगभग 35 वर्ष आंकी गई है। शव मिलने के दौरान महिला काले रंग के सलवार-कमीज पहने हुए थी। शव की स्थिति को देखकर स्थानीय स्तर पर विभिन्न तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं।

5 से 6 दिन पुराना है शव
 पुलिस घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे बलुआ थाना प्रभारी अतुल प्रजापति ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह शव कहीं से बहकर यहां आया हुआ प्रतीत होता है। पुलिस के अनुमान के अनुसार, शव करीब 5 से 6 दिन पुराना है, जिसके कारण उसकी स्थिति बिगड़ रही थी।

शिनाख्त की कोशिशें जारी 
बलुआ पुलिस ने शव को गंगा नदी से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस द्वारा आस-पास के थानों और क्षेत्रों में मृतका के हुलिए की जानकारी साझा की जा रही है ताकि उसकी पहचान सुनिश्चित की जा सके। पुलिस का कहना है कि शिनाख्त होने के बाद ही मौत के सही कारणों और घटना की वास्तविक जानकारी का पता चल सकेगा। फिलहाल, पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।