11 नवंबर पंचांग: सूर्य का विशाखा नक्षत्र में प्रवेश और नीच राशि प्रभाव, जानिए कब करें शुभ काम
11 नवंबर 2026 को कार्तिक शुक्ल पक्ष द्वितीया व तृतीया तिथि रहेगी। जानिए शुभ अभिजीत मुहूर्त, अमृतकाल, राहुकाल और उत्तर दिशा के दिशाशूल का सटीक समय व ज्योतिषीय प्रभाव।
11 नवंबर 2026 का संपूर्ण दैनिक पंचांग
सुबह 11:43 से 12:26 तक अभिजीत मुहूर्त
दोपहर 12:10 से 1:33 तक रहेगा राहुकाल
विशाखा नक्षत्र में सूर्य देव का प्रभाव
उत्तर दिशा में रहेगा बुधवार को दिशाशूल
हिंदू काल-गणना में पंचांग का विशेष महत्व होता है। किसी भी शुभ काम, पूजा-पाठ, निवेश या यात्रा से पहले पंचांग देखना बेहद मंगलकारी माना जाता है। कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि मंगलवार दोपहर 2:00 बजे से शुरू होकर बुधवार दोपहर 3:53 बजे तक रहेगी। इसके बाद तृतीया तिथि शुरू होगी, जो 12 नवंबर शाम 6:09 बजे तक चलेगी। बुधवार को सुबह 6:42 बजे सूर्योदय और शाम 5:39 बजे सूर्यास्त होगा। वहीं चंद्रोदय सुबह 8:22 बजे और चंद्रास्त शाम 7:03 बजे होगा।
विशाखा नक्षत्र में सूर्य और अतिगंड योग
बुधवार को सूर्य देव विशाखा नक्षत्र में विराजमान रहेंगे। विशाखा नक्षत्र के देवता इंद्र और अग्नि हैं, जिसके प्रभाव से व्यक्ति के अंदर उच्च पद पाने और जीत हासिल करने की तीव्र लालसा जागती है। यह स्थिति राजनीति, प्रशासन और प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में तरक्की दिलाती है। वहीं, तड़के 3:10 बजे से 12 नवंबर सुबह 3:40 बजे तक अतिगंड योग रहेगा। चंद्रमा के स्वामित्व वाला यह योग थोड़ा कठिन और संघर्षमयी माना जाता है, जिसमें कार्य सिद्धि के लिए अधिक मेहनत की जरूरत होती है।
दिन के सबसे शुभ मुहूर्त: अभिजीत और अमृतकाल
11 नवंबर को अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:43 बजे से दोपहर 12:26 बजे तक (लगभग 48 मिनट) रहेगा। इस बेला में किए गए कार्यों से सभी अशुभ प्रभावों का नाश होता है और सफलता मिलती है। इसके अलावा, तड़के 4:31 बजे से सुबह 6:17 बजे तक अमृतकाल रहेगा। अमृतकाल को अत्यंत पवित्र और सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर माना जाता है। नए व्यापार, निवेश, पूजा-पाठ और महत्वपूर्ण यात्रा की शुरुआत के लिए अमृतकाल का समय सबसे उत्तम माना गया है।
राहुकाल, यमगंड और गुलिक काल का समय
शुभ कार्यों के लिए राहुकाल का समय वर्जित माना जाता है। बुधवार को दोपहर 12:10 बजे से 1:33 बजे तक राहुकाल रहेगा, इस दौरान कोई नया काम शुरू न करें। वहीं, सुबह 8:04 बजे से 9:26 बजे तक यमगंड काल रहेगा, जिसमें यात्रा और पैसों के लेन-देन से बचना चाहिए। सुबह 10:48 बजे से दोपहर 12:10 बजे तक गुलिक काल रहेगा। गुलिक काल में नया काम शुरू करने से बचें, लेकिन बैंक में पैसे जमा करना, दान देना या निवेश करना अच्छा माना जाता है।
तुला में सूर्य, वृश्चिक में चंद्रमा और दिशाशूल
बुधवार को सूर्य अपनी नीच राशि तुला में रहेंगे। वायु तत्व की इस राशि में सूर्य के होने से आत्मबल और ऊर्जा में थोड़ी कमी महसूस हो सकती है, जिससे निर्णय लेने में अड़चन आती है। वहीं चंद्रमा वृश्चिक राशि में नीच स्थिति में रहेंगे, जिससे मन में चिंता, ओवरथिंकिंग और भावनात्मक तनाव की स्थिति बन सकती है। इसके अलावा, बुधवार को उत्तर दिशा में दिशाशूल रहेगा, इसलिए इस दिशा में अनावश्यक यात्रा करने से बचना चाहिए।