Garh Gochar Weekly Transit 2026: नीच राशि से निकलकर मित्र की राशि में आएंगे सूर्य, जानें करियर, व्यापार और मौसम पर क्या होगा असर
16 नवंबर की शाम होगी वृश्चिक संक्रांति
रुके हुए सरकारी और प्रशासनिक काम पकड़ेंगे गति
सिंह राशि में मंगल बढ़ाएंगे साहस और ऊर्जा
तुला के बुध से व्यापार और साझेदारी में लाभ
संक्रांति के बाद देश में तेजी से बढ़ेगी ठंड
वैदिक ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, ग्रहों के राजा सूर्य 16 नवंबर 2026 की शाम को अपनी नीच राशि तुला से निकलकर अपने मित्र मंगल की राशि वृश्चिक में प्रवेश करेंगे। ज्योतिष की भाषा में इस महत्वपूर्ण खगोलीय घटना को 'वृश्चिक संक्रांति' कहा जाता है। सूर्य को आत्मा, आत्मविश्वास, पिता, मान-सम्मान और सरकारी कामकाज का कारक माना जाता है। पिछले एक महीने से तुला राशि में होने के कारण सूर्य कमजोर स्थिति में थे, लेकिन वृश्चिक राशि में आते ही वे बलवान हो जाएंगे। सूर्य के इस राशि परिवर्तन के साथ-साथ अग्नि तत्व की सिंह राशि में मंगल और वायु तत्व की तुला राशि में बुध का संचरण भी जनजीवन पर गहरा प्रभाव डालेगा।
आत्मविश्वास बढ़ेगा और सरकारी कामकाज पकड़ेंगे तेजी
सूर्य के वृश्चिक राशि में प्रवेश करने से उन लोगों को बड़ी राहत मिलेगी, जो पिछले एक महीने से आत्मविश्वास की कमी, मानसिक भ्रम या काम में आ रही रुकावटों से जूझ रहे थे। अब लोग अपने फैसले अधिक मजबूती और स्पष्टता के साथ ले पाएंगे। करियर और प्रशासनिक क्षेत्र में भी सकारात्मक बदलाव दिखेंगे। लंबे समय से रुके हुए सरकारी काम, प्रशासनिक मामले और उच्च अधिकारियों से जुड़े कार्य अब तेजी से आगे बढ़ेंगे। कार्यस्थल पर आपकी मेहनत को सही पहचान मिलेगी और मान-सम्मान में वृद्धि होगी।
स्वास्थ्य में सुधार, लेकिन बातचीत में कठोरता से बचना जरूरी
नीच के सूर्य के कारण जो शारीरिक सुस्ती और थकान बनी हुई थी, वह अब कम होगी। शरीर में नई ऊर्जा का संचार होगा और रोगों से लड़ने की क्षमता यानी इम्यूनिटी बेहतर होगी, हालांकि पित्त या गर्मी से जुड़ी छोटी-मोटी समस्याएं परेशान कर सकती हैं। रिश्तों की बात करें तो आपसी तालमेल की कमी और अहंकार का टकराव कम होगा। चूंकि वृश्चिक एक गूढ़ और तीव्र ऊर्जा वाली राशि है, इसलिए बातचीत में कठोरता या बेवजह के गुस्से से बचने की जरूरत होगी। इसके अलावा, इस संक्रांति के बाद देश के कई हिस्सों में ठंड का असर तेजी से बढ़ेगा तथा राजनीति और प्रशासन में बड़े और कड़े फैसले लिए जाने की संभावना बनेगी।
सिंह राशि में मंगल बढ़ाएंगे साहस, जोश और प्रॉपर्टी के काम
इस सप्ताह ग्रहों के सेनापति मंगल अग्नि तत्व की सिंह राशि में संचरण कर रहे हैं। सिंह सूर्य की राशि है और मंगल इसके मित्र हैं, जिससे लोगों के स्वभाव में तेजी, आत्मविश्वास और जोखिम लेने की क्षमता बढ़ेगी। प्रशासन, सेना, पुलिस, खेल और इंजीनियरिंग से जुड़े लोगों को आगे बढ़ने के बड़े अवसर मिल सकते हैं। जमीन-जायदाद या निर्माण कार्य से जुड़े रुके हुए कामों में भी तेजी आएगी। हालांकि, ऊर्जा की अधिकता के कारण स्वभाव में चिड़चिड़ापन या गुस्सा बढ़ सकता है, इसलिए वाहन चलाते समय और वाद-विवाद में विशेष सावधानी रखनी होगी।
तुला राशि में बुध का गोचर व्यापार और साझेदारी के लिए शुभ
दूसरी ओर, बुद्धि और व्यापार के कारक बुध वायु तत्व की तुला राशि में विराजमान हैं। शुक्र की इस राशि में बुध बेहद संतुलित और व्यावहारिक परिणाम देते हैं। बिजनेस, पार्टनरशिप, कला, मीडिया और वकालत से जुड़े लोगों के लिए यह समय बहुत लाभकारी रहेगा और कई नए समझौते फाइनल हो सकते हैं। लोगों की बातचीत का तरीका अधिक प्रभावशाली और कूटनीतिक होगा। कुल मिलाकर, जहां सिंह का मंगल काम करने की भरपूर ऊर्जा देगा, वहीं तुला का बुध अपनी समझदारी और मीठी बोली से बड़े से बड़े काम को आसानी से पूरा कराने में मदद करेगा।