साईं पब्लिक स्कूल में सुकन्या समृद्धि योजना के तहत खोले गए 8 बेटियों के खाते
कैलाशपुरी स्थित साईं पब्लिक स्कूल की पहल
बेटियों के उज्ज्वल भविष्य को सुरक्षित करने की तैयारी
सुकन्या समृद्धि योजना के लिए एक विशेष कैंप
चंदौली जिले के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर, मुगलसराय के कैलाशपुरी स्थित साईं पब्लिक स्कूल में बेटियों के उज्ज्वल भविष्य को सुरक्षित करने हेतु सुकन्या समृद्धि योजना के अंतर्गत एक विशेष कैंप का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य छात्राओं और उनके अभिभावकों को इस लाभकारी सरकारी योजना की जानकारी देना और उन्हें इससे जोड़ना था।
इस अवसर पर डाक विभाग की ओर से उप डाकपाल प्रभाकर सिंह और मार्केटिंग एक्जीक्यूटिव दिनेश तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने योजना के तहत मिलने वाले आर्थिक लाभों, खाता खोलने की प्रक्रिया, निवेश की अवधि, ब्याज दर, कर लाभ जैसी महत्वपूर्ण जानकारियों को विस्तार से साझा किया।
विद्यालय की ओर से प्रबंधक डॉ. अनिल यादव, प्रधानाचार्य राजकुमार जायसवाल, रिद्धि तिवारी, चंदा यादव, पुष्पा जायसवाल और सुश्री प्रिया कार्यक्रम में उपस्थित रहीं और उन्होंने अभिभावकों को योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्राओं के अभिभावकों ने गहरी रुचि दिखाई।
कैंप के दौरान 25 बेटियों के अभिभावकों को फॉर्म वितरित किए गए और मौके पर ही 8 बेटियों के खाते खोले गए, जिससे उनकी बचत की नींव मजबूत हो सके। अभिभावकों का प्रतिनिधित्व दिलीप चौहान, पंकज कुमार और रवि कुमार ने किया। सभी ने इस प्रयास की सराहना की और इसे बेटियों के भविष्य के लिए सराहनीय कदम बताया।
कार्यक्रम के अंत में उप प्रधानाचार्य सीमा पांडेय ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं स्टाफ को धन्यवाद देते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता शिविर समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।