पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश के बाद भी पुलिस रडार से दूर है भोला, अपराधियों को संरक्षण वालों पर शिकंजा
चंदौली में 25 हजार का इनामी भोला भारती पुलिस को चकमा दे रहा है। भाई धर्मेंद्र के एनकाउंटर के बाद भी भोला का सुराग नहीं मिला है। हत्या की साजिश और अपराधियों को शरण देने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पुलिस दबिश दे रही है।
25 हजार का इनामी भोला भारती फरार
हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र भारती का सगा भाई
हत्या की साजिश का ऑडियो वायरल
आर्केस्ट्रा संचालक के यहाँ मिली शरण
सकलडीहा पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
चंदौली। उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है, लेकिन अलीनगर थाना क्षेत्र के रेवसा गांव का निवासी और 25 हजार का इनामी अपराधी भोला भारती अभी भी पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ है। जहाँ एक तरफ पुलिस ने मुठभेड़ में उसके भाई और हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र भारती को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं भोला भारती लगातार पुलिस की रडार से बाहर चल रहा है।
वायरल ऑडियो से खुला हत्या की साजिश का राज
भोला भारती का मामला तब चर्चा में आया जब उसका एक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इस ऑडियो में वह अपने ही गांव के एक व्यक्ति की हत्या की साजिश रचते हुए सुनाई दे रहा था। पीड़ित की तहरीर पर अलीनगर पुलिस ने मामला दर्ज किया, लेकिन गिरफ्तारी के डर से भोला फरार हो गया। उसकी बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और फरारी को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया।
आर्केस्ट्रा संचालक के यहाँ अपराधियों का 'सेफ हाउस'
पुलिस की जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र भारती और उसका भाई भोला अपराध करने के बाद सकलडीहा क्षेत्र के दिनदासपुर गांव में रहने वाले एक चर्चित आर्केस्ट्रा संचालक अजित के यहाँ शरण लेते थे। जब चंदौली स्वाट टीम और क्राइम ब्रांच ने सूचना के आधार पर अजित के घर दबिश दी, तो वहां पुलिस को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। परिजनों ने पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की की, जिसके बाद सकलडीहा थाने में सरकारी कार्य में बाधा डालने और अपराधियों को संरक्षण देने के आरोप में अजित और उसके परिवार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के लिए बड़ी चुनौती
धर्मेंद्र भारती पर वर्ष 2002 से अब तक लूट और मारपीट के करीब 40 मुकदमे दर्ज हैं। 24 अप्रैल की रात पुलिस मुठभेड़ में धर्मेंद्र तो घायल होकर गिरफ्त में आ गया, लेकिन भोला भारती और उसके सहयोगियों का पकड़ा न जाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। अलीनगर थाना प्रभारी घनश्याम शुक्ला ने बताया कि इनामिया आरोपी को पकड़ने के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस अब उन लोगों की भी सूची तैयार कर रही है जो इन अपराधियों को आर्थिक या सामाजिक रूप से संरक्षण प्रदान कर रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।