अलीनगर नहर में मिले युवक के शव की हुई पहचान, नेगुरा के दीपक पांडेय थे मृतक

अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान का प्रयास शुरू किया, लेकिन प्रारंभ में सफलता नहीं मिली।
 

अलीनगर नहर में संदिग्ध अवस्था में मिले शव की हुई पहचान

मृतक नेगुरा गांव का दीपक पांडेय

5 नवंबर को नहर में मिला था शव

इंस्पेक्टर बोले - पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा खुलासा 

चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के रेउसा नहर में 5 नवंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में मिले युवक के शव की पहचान आखिरकार हो गई है। मृतक की पहचान सदर कोतवाली क्षेत्र के नागुरा गांव निवासी 24 वर्षीय दीपक पांडेय  के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि दीपक पांडेय पेशे से ऑटो चालक था और रोजाना टेंगरा मोड़ से चंदौली तक सवारी ढोने का काम करता था। परिजनों के मुताबिक वह 4 नवंबर की सुबह रोज की तरह घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिवार चिंतित हो उठा। अगले दिन अलीनगर थाना क्षेत्र के रेउसा झंडा मुजहरिया पुल के पास नहर में एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना पर इलाके में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलते ही अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान का प्रयास शुरू किया, लेकिन प्रारंभ में सफलता नहीं मिली। शव के पास से पुलिस को एक हेक्सा ब्लेड, छोटा तौलिया और इंजेक्शन की शीशी बरामद हुई थी। मृतक के गले पर चोट के निशान भी पाए गए, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा था।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। इसके बाद शुक्रवार को जब मृतक के परिजन अलीनगर थाने पहुंचे, तो उन्होंने शव की पहचान अपने बेटे दीपक पांडेय के रूप में की। पहचान होते ही परिजनों में कोहराम मच गया, और परिवार के लोग थाने पर फफक पड़े।

इस मामले में अलीनगर थाना प्रभारी अनिल पांडेय ने बताया कि शव के पास से बरामद सामान को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही लगाया जा सकेगा। फिलहाल  हर पहलू पर जांच कि जा रही।