दोस्त के साथ कपड़े धोने गया 12 वर्षीय सावन नहर में डूबा, परिजनों में मचा कोहराम, NDRF का इंतजार
चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र की नई कोट नहर में गुरुवार को नहाते समय 12 साल का बालक सावन कुमार गहरे पानी में बह गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और पुलिस NDRF की मदद से तलाश में जुटी है।
अलीनगर में नहर में डूबा 12 वर्षीय बालक
दोस्त के साथ कपड़े धोने गया था मासूम
परिजनों का रो-रोकर हुआ बुरा हाल
बालक की तलाश में जुटी NDRF की टीम
चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र स्थित लौदा चौकी के पास गुरुवार को एक दुखद हादसा हो गया। नई कोट नहर पुलिया पर नहाने के दौरान 12 साल का मासूम बालक सावन कुमार गहरे पानी में डूब गया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई है।
कपड़े धोने गए दोस्त के साथ गया था मासूम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सावन कुमार अपने दोस्त शिवा के साथ नहर पर गया था। शिवा वहां कपड़े धोने गया था, जबकि सावन नहर के पानी में नहाने उतर गया। नहाते-नहाते वह अचानक गहरे पानी की तरफ चला गया और तेज बहाव के कारण डूबने लगा। दोस्त शिवा ने उसे बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन पानी गहरा होने से वह नाकाम रहा।
घटना स्थल पर जुटी भीड़, पुलिस पहुंची मौके पर
बालक के डूबने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत नहर की तरफ दौड़े और अपने स्तर से उसकी खोजबीन शुरू कर दी। सूचना मिलते ही अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू करवा दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
सावन के नहर में डूबने की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सावन मूल रूप से सदर चंदौली के वार्ड नंबर 8 डोमन बस्ती का रहने वाला है, लेकिन परिवार फिलहाल अस्थाई रूप से जन्सौ मड़ई गांव में रहता है।
एनडीआरएफ की टीम का किया जा रहा इंतजार
मामले की जानकारी देते हुए अलीनगर इंस्पेक्टर गगन राज सिंह ने बताया कि बालक की तलाश लगातार की जा रही है। एनडीआरएफ (NDRF) की टीम को तुरंत सूचना भेज दी गई है। टीम के मौके पर पहुंचते ही नहर में बड़े पैमाने पर सर्च अभियान चलाकर बालक को ढूंढने का प्रयास किया जाएगा।