दो दिनों से लापता कसाब मुहाल के जाहिद की तालाब में मिली लाश,  ईद की खुशियां मातम में बदलीं

 

चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में दो दिनों से लापता 22 वर्षीय युवक का शव मानसरोवर तालाब में मिलने से हड़कंप मच गया। परिजनों की तलाश और ईद का जश्न आंसुओं में तब्दील हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

 
 

मानसरोवर तालाब में मिला दो दिन से लापता युवक

कसाब मुहाल निवासी जाहिद शाह की मौत से कोहराम

ईद से एक दिन पहले अचानक गायब हुआ था लल्लू

गोताखोरों की मदद से तालाब से बाहर निकाला गया शव

अलीनगर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

चंदौली जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मानसरोवर तालाब में रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय लोगों ने पानी की सतह पर एक युवक का शव उतराया हुआ देखा। देखते ही देखते तालाब के किनारे सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर अलीनगर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया।

ईद की खुशियां मातम में बदली: दो दिन से चल रही थी तलाश
शव की शिनाख्त मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के कसाब मुहाल निवासी 22 वर्षीय जाहिद शाह उर्फ लल्लू (पुत्र स्व. जिलानी) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि लल्लू ईद से ठीक एक दिन पहले यानी शुक्रवार को घर से अचानक लापता हो गया था। परिवार के लोग उसकी हर संभावित जगह तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं लग पा रहा था। रविवार को उसकी मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया और त्यौहार की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं।

पुलिस ने शुरू की मामले की छानबीन
घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने प्रारंभिक कानूनी कार्यवाही के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि युवक की पहचान हो चुकी है। वह किन परिस्थितियों में लापता हुआ और तालाब तक कैसे पहुंचा, इन सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस इस मामले को संदिग्ध मानकर चल रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।