चंदौली समाचार की खबर पर एक्शन जारी : अलीनगर पुलिस की संयुक्त छापेमारी में 950 लीटर तेल के साथ कुल 8 आरोपी अरेस्ट
चंदौली के अलीनगर में तेल कटिंग के बड़े खेल का पर्दाफाश हुआ है। एडीजी के संज्ञान के बाद एसओजी और पुलिस ने छापेमारी कर 950 लीटर तेल, टैंकर और लग्जरी कारें बरामद कीं। इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई से तेल तस्करों में हड़कंप मच गया है।
एडीजी के कड़े रुख के बाद तेल माफिया पर बड़ी कार्रवाई
950 लीटर अवैध डीजल के साथ 8 तस्कर गिरफ्तार
दो ऑयल टैंकर, वैगनआर और अल्टो कार पुलिस ने की सीज
इंडियन ऑयल डिपो के पास करकटनुमा मकान में चल रहा था खेल
एसओजी-2 और अलीनगर पुलिस का संयुक्त छापेमारी अभियान
चंदौली जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र में लंबे समय से फल-फूल रहे तेल कटिंग और डीजल चोरी के काले कारोबार पर पुलिस ने बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। तेल चोरी से संबंधित एक ऑडियो वायरल होने और मामले का संज्ञान एडीजी (ADG) द्वारा लिए जाने के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया। शुक्रवार को वाराणसी की एसओजी-2 टीम और अलीनगर पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर इस गिरोह का पर्दाफाश किया।
डिपो के पास बने करकटनुमा मकान में चल रहा था खेल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंडियन ऑयल डिपो के पास स्थित एक करकटनुमा सुनसान मकान को तेल माफियाओं ने अपना ठिकाना बनाया था। यहाँ टैंकरों से चोरी-छिपे डीजल निकालकर गैलनों और ड्रमों में भरने का काम किया जा रहा था। पुलिस ने एक विशेष रणनीति के तहत सिविल ड्रेस में ऑटो और कारों का उपयोग करते हुए मौके पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने रंगे हाथों तेल निकालते हुए आरोपियों को दबोच लिया।
भारी मात्रा में तेल और गाड़ियां बरामद
इस कार्रवाई के संबंध में IPS एडिशनल एसपी अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि पिछले कई दिनों से तेल कटिंग और अवैध तस्करी की पुख्ता सूचनाएं मिल रही थीं। पुलिस की संयुक्त टीम ने जब दबिश दी, तो मौके से लगभग 950 लीटर अवैध तेल बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से एक मारुति वैगनआर, एक मारुति अल्टो और तेल ढोने वाले दो बड़े ऑयल टैंकरों को सीज कर दिया है। इसके अलावा तलाशी में तेल नापने वाले यंत्र, नीले ड्रम और 10 हजार रुपये नकद भी बरामद हुए हैं।
8 लोग हिरासत में, सिंडिकेट की जांच जारी
पुलिस ने इस मामले में अब तक 8 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे गहन पूछताछ की जा रही है। छापेमारी की सूचना मिलते ही कलेक्ट्रेट और अलीनगर थाने पर उच्चाधिकारियों का जमावड़ा लग गया। एडिशनल एसपी अनंत चंद्रशेखर और पीडीडीयू नगर के सीओ अरुण कुमार सिंह ने खुद पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की। पुलिस सूत्रों का कहना है कि जांच में कुछ ऐसे नाम भी सामने आए हैं, जो पहले भी तेल तस्करी के मामलों में शामिल रहे हैं।
प्रशासन की कड़ी चेतावनी
इस कार्रवाई के बाद अलीनगर और आसपास के क्षेत्रों में तेल कटिंग करने वाले माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि यह केवल शुरुआत है; गिरोह के अन्य सदस्यों और इस नेटवर्क के मास्टरमाइंड की तलाश में छापेमारी जारी रहेगी। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस खेल में डिपो के अंदर के किसी कर्मचारी या अन्य अधिकारियों की संलिप्तता तो नहीं है। फिलहाल, सभी पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रचलित है।