चंदौली के हिस्ट्रीशीटर के भाई का खौफनाक ऑडियो वायरल, फोन पर गोली मारने की दे रहा है धमकी

 

अलीनगर के रेवसा गांव में कव्वाली विवाद के बाद हिस्ट्रीशीटर के भाई का धमकी भरा ऑडियो वायरल हुआ है। इसमें दो दिन में हत्या करने की बात कही जा रही है, जिससे इलाके में भारी तनाव और डर का माहौल है।

 
 

हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र भारती के भाई का ऑडियो वायरल

ग्रामीण को गोली मारकर लाश गिराने की धमकी

कव्वाली कार्यक्रम में अश्लील टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद

स्कॉर्पियो सवार परिवार पर जानलेवा हमला और फायरिंग

पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक से लगाई सुरक्षा की गुहार

जनपद चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रेवसा गांव में हिंसक झड़प और फायरिंग के बाद एक नया सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव के एक हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र भारती के भाई भोला भारती का एक कथित ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस ऑडियो में भोला भारती अपने एक साथी मयंक यादव से बातचीत करते हुए गांव के ही एक व्यक्ति को दो दिनों के भीतर गोली मारकर उसकी लाश गिराने की बात कह रहा है। इस वायरल ऑडियो ने पुलिस प्रशासन की नींद उड़ा दी है और पूरे गांव में खौफ का साया है।

कव्वाली कार्यक्रम से शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाद की जड़ 21 अप्रैल की रात को आयोजित एक कव्वाली कार्यक्रम में है। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान हिस्ट्रीशीटर और उसके साथियों ने वहां मौजूद लड़कियों पर अश्लील टिप्पणियां कीं। जब गांव के कुछ लोगों ने इस अभद्रता का विरोध किया, तो मामला बढ़ गया। हालांकि, उस वक्त मामला शांत हो गया था, लेकिन देर रात यह विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया।

परिवार के साथ लौट रहे युवक पर फायरिंग
बताया जा रहा है कि देर रात करीब 1 बजे पीड़ित फरमान अपने परिवार के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी से घर लौट रहा था। तभी रास्ते में घात लगाए बैठे आरोपियों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। आरोप है कि हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र भारती ने हाथ में अवैध तमंचा लेकर जान से मारने की नियत से फरमान पर फायरिंग कर दी। फरमान ने फुर्ती दिखाते हुए झुककर अपनी जान बचाई, जिसके बाद हमलावरों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से गाड़ी पर हमला कर दिया। इस हमले में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और परिवार के लोग बाल-बाल बचे।

पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा की मांग
घटना की सूचना मिलते ही पीडीडीयू नगर के सीओ अरुण सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। वहीं, वायरल ऑडियो के सामने आने के बाद पीड़ित पक्ष काफी डरा हुआ है। पीड़ित परिवार आज पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर अपनी सुरक्षा और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करेगा।

गांव में भारी पुलिस बल तैनात
फिलहाल रेवसा गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। पुलिस वायरल ऑडियो की सत्यता की जांच कर रही है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में गश्त बढ़ा दी गई है। सीओ अरुण सिंह का कहना है कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हिस्ट्रीशीटर की दबंगई से गांव के लोग पहले ही परेशान थे, अब इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

नोट-- पूरा ऑडियो क्लिप चंदौली समाचार के पास है, लेकिन अधिक गाली गलौंच होने के कारण पब्लिश नहीं की जा रही है।