रॉन्ग साइड से आ रही मैजिक ने बाइक को मारी टक्कर, वाराणसी के हलवाई की दर्दनाक मौत

 

चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाबरी से काम निपटाकर घर लौट रहे बाइक सवार हलवाई को रॉन्ग साइड से आ रही मैजिक ने जोरदार टक्कर मार दी। इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। पूरी खबर पढ़ें...

 
 

चंदौली के सिरसी गांव के पास चकिया-मुगलसराय मार्ग पर हादसा

काम निपटाकर वाराणसी स्थित घर लौट रहा था मृतक बाइक सवार

रॉन्ग साइड से आ रही तेज रफ्तार मैजिक ने मारी टक्कर

इलाज के दौरान अस्पताल में तोड़ा दम, मैजिक चालक फरार

अलीनगर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

चंदौली जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। अलीनगर थाना क्षेत्र के सिरसी गांव के समीप चकिया-मुगलसराय रोड पर शनिवार की देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां रॉन्ग साइड से आ रही एक मैजिक गाड़ी ने मोटरसाइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल को तुरंत नियामताबाद स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद मुगलसराय के पीपी सेंटर रेफर कर दिया। हालांकि, डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान घायल युवक ने दम तोड़ दिया।

मृतक की हुई पहचान, परिवार में मचा कोहराम
पुलिस जांच में मृतक की पहचान 34 वर्षीय राकेश यादव के रूप में हुई है, जो वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र स्थित नक्खी घाट के रहने वाले बांगे यादव के बेटे थे। राकेश पेशे से हलवाई का काम करते थे। बताया जा रहा है कि शनिवार को वह बबुरी इलाके में अपना काम निपटाकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। हादसे के बाद मैजिक चालक अपने वाहन समेत मौके से भागने में कामयाब रहा।

फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
मामले की जानकारी देते हुए अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी चालक और वाहन की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।