अलीनगर में दर्दनाक दुर्घटना: हाईवे किनारे भैंस चरा रहे बुजुर्ग को कार ने रौंदा, चालक गिरफ्तार, इलाज के दौरान मौत

चंदौली के अलीनगर में हाईवे किनारे भैंस चरा रहे 61 वर्षीय बुजुर्ग रामलोचन यादव को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। वाराणसी ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
 

चंदौली के अलीनगर में दर्दनाक सड़क हादसा

बेकाबू कार ने बुजुर्ग को मारी टक्कर

वाराणसी ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत

परिजनों में मचा कोहराम, क्षेत्र में शोक

पुलिस ने कार और चालक को लिया हिरासत में

चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। सड़क किनारे अपनी भैंस चरा रहे एक बुजुर्ग व्यक्ति के लिए सोमवार का दिन जीवन का अंतिम दिन साबित हुआ। गांव के पास स्थित एक पुलिया के समीप बेकाबू और तेज रफ्तार कार ने बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए 61 वर्षीय बुजुर्ग ने इलाज के दौरान वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर में दम तोड़ दिया।

हाईवे किनारे भैंस चरा रहे थे बुजुर्ग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अलीनगर थाना क्षेत्र के लौंदा गांव निवासी 61 वर्षीय रामलोचन यादव सोमवार को रोजाना की तरह नेशनल हाईवे के किनारे अपनी भैंस चरा रहे थे। इसी दौरान मुगलसराय की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई। कार सीधे रामलोचन यादव की तरफ जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वे छिटककर दूर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जिला अस्पताल से वाराणसी ट्रॉमा सेंटर किया गया रेफर
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए लहूलुहान अवस्था में घायल बुजुर्ग को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद तुरंत वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। वहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन देर शाम रामलोचन यादव ने अंतिम सांस ली। मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने कार और चालक को लिया हिरासत में
हादसे की सूचना मिलते ही अलीनगर थाना पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को जब्त कर लिया है और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन और ड्राइवर दोनों पुलिस के कब्जे में हैं। मृतक के परिजनों की ओर से लिखित तहरीर मिलते ही संबंधित धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।