हाईस्कूल प्रथम श्रेणी में पास दीपक ने घर के अंदर की खुदकुशी, लाइब्रेरी चलाने वाले इकलौते बेटे की मौत से कोहराम

अलीनगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-3 में 18 वर्षीय छात्र दीपक चौहान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रथम श्रेणी से हाईस्कूल उत्तीर्ण और लाइब्रेरी चलाने वाले दीपक की मौत से परिवार के इकलौते चिराग का सपना टूट गया।

 
 

18 वर्षीय छात्र दीपक ने की आत्महत्या

हाल ही में हाईस्कूल प्रथम श्रेणी में किया था उत्तीर्ण

पिता के खाना खाने घर पहुँचने पर हुआ खुलासा

तीन बहनों के बीच इकलौता और छोटा भाई था मृतक

अलीनगर पुलिस मामले की बारीकी से कर रही जांच

चंदौली जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर-3 में शुक्रवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ जियो ऑफिस के पास रहने वाले 18 वर्षीय छात्र दीपक उर्फ कुलदीप कुमार चौहान ने अज्ञात कारणों से घर के अंदर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना ने जहाँ पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पिता के घर पहुँचने पर सामने आई हकीकत
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब मृतक के पिता दिनेश कुमार चौहान, जो एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत हैं, दोपहर में खाना खाने के लिए घर पहुँचे। उन्होंने घर का दरवाजा काफी देर तक खटखटाया और आवाजें दीं, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। लगभग 20 मिनट तक इंतज़ार करने के बाद जब अनहोनी की आशंका हुई, तो उन्होंने पड़ोसियों को इकट्ठा किया। स्थानीय लोगों की मदद से जब दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर का मंजर देखकर सबके होश उड़ गए; दीपक का शव फंदे से लटका हुआ था।

परिवार का इकलौता लाडला और होनहार था दीपक
दीपक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र और तीन बहनों में सबसे छोटा था। वह न केवल पढ़ाई में मेधावी था, बल्कि समाज के प्रति भी जागरूक था। हाल ही में उसने हाईस्कूल की परीक्षा प्रथम श्रेणी (First Division) में उत्तीर्ण की थी और साथ ही वह एक लाइब्रेरी का संचालन भी करता था। जिस समय यह घटना हुई, दीपक की मां मिर्जापुर में एक शादी समारोह में शामिल होने गई हुई थीं।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और अलीनगर पुलिस की टीम मौके पर पहुँची। पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

फिलहाल, आत्महत्या के पीछे के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों और दोस्तों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर एक होनहार छात्र ने इतना बड़ा आत्मघाती कदम क्यों उठाया। क्षेत्र के लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और मेधावी छात्र की असमय मौत पर शोक व्यक्त कर रहे हैं।