शादी से लौट रहे युवक से बड़ी लूट: दो बाइकों पर आए 4 बदमाशों ने घेरा, स्प्लेंडर और पोको मोबाइल छीनकर फरार

 

चन्दौली के अलीनगर में शादी समारोह से घर लौट रहे युवक संतोष कुमार को चार अज्ञात बदमाशों ने रास्ते में घेर लिया। बदमाश पीड़ित की स्प्लेंडर बाइक और पोको मोबाइल लूटकर रफूचक्कर हो गए।

 
 

शादी से लौट रहे युवक से लूट

लौंदा अंडरपास के पास हुई वारदात

स्प्लेंडर बाइक और पोको मोबाइल गायब

चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज

चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक युवक जब शादी समारोह में शामिल होकर रात के समय अपने घर लौट रहा था, तभी रास्ते में बदमाशों ने उसे अपना निशाना बना लिया। बदमाशों ने सन्नाटे और अंधेरे का फायदा उठाते हुए युवक को जबरन रोका और उससे गाड़ी तथा मोबाइल फोन छीनकर चंपत हो गए।

दो बाइकों पर सवार होकर आए थे 4 बदमाश
जानकारी के मुताबिक, अलीनगर थाने के रामपुर (करनपुर) गांव के रहने वाले संतोष कुमार (पुत्र प्रभु राम) गंजख्वाजा स्थित एक मैरेज हॉल में शादी में गए थे। रात करीब 10 बजे वह अपनी स्प्लेंडर बाइक (UP 67 AQ 4163) से घर वापस आ रहे थे। जैसे ही वह लौंदा अंडरपास से करीब 50 मीटर पहले पहुंचे, तभी पीछे से दो बाइकों पर सवार होकर आए चार अज्ञात लड़कों ने उनकी बाइक के आगे अपनी गाड़ियां अड़ा दीं।

डर के मारे रात को नहीं दी सूचना
बदमाशों ने संतोष को डरा-धमकाकर उनकी स्प्लेंडर बाइक और जेब में रखा पोको (POCO) कंपनी का मोबाइल फोन जबरन छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों बदमाश तेजी से फरार हो गए। संतोष कुमार ने पुलिस को बताया कि अचानक हुई इस घटना से वह बुरी तरह डर और सहम गए थे। इसी घबराहट की वजह से उन्होंने रात में पुलिस को जानकारी नहीं दी और सुबह थाने पहुंचे।

सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
पीड़ित ने अलीनगर थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले में लौंदा चौकी प्रभारी आशुतोष गुप्ता का कहना है कि पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है। बदमाशों का सुराग लगाने के लिए घटनास्थल और उसके आस-पास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इलाके में सुरक्षा और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।