ऑल इंडिया रेलवे इंजीनियर्स फेडरेशन की बैठक, सीआरबी ने किया 'ई-इंजीनियर्स टाइम्स' का विमोचन
​​​​​​​

बैठक का सबसे महत्वपूर्ण क्षण रेलवे बोर्ड के चेयरमैन एवं सीईओ सतीश कुमार द्वारा AIREF के मुखपत्र "ई-इंजीनियर्स टाइम्स" के पहले अंक का विमोचन था।
 

 रेलवे बोर्ड में आयोजित की गयी थी मीटिंग

रेलवे बोर्ड के चेयरमैन एवं सीईओ सतीश कुमार ने किया विमोचन

इंजीनियरों के मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा

ऑल इंडिया रेलवे इंजीनियर्स फेडरेशन (AIREF) की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को नई दिल्ली में रेलवे बोर्ड में आयोजित की गई, जिसका नेतृत्व कार्यकारी अध्यक्ष इंजीनियर एम.के. पाण्डेय ने किया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य रेलवे इंजीनियरों की लंबित समस्याओं पर चर्चा करना और उनके समाधान के लिए कदम उठाना था। बैठक में कार्यकारी सदस्य इंजीनियर रोहतास गौतम और इंजीनियर अवधेश कुमार चौधरी के साथ CREA टीम के सदस्य इंजीनियर अमित तड़वी, इंजीनियर सचिन कोल्टे, इंजीनियर हेमंत पाटिल और इंजीनियर प्रज्वलित खरदे भी मौजूद थे।

‘ई-इंजीनियर्स टाइम्स’ का विमोचन
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण क्षण रेलवे बोर्ड के चेयरमैन एवं सीईओ सतीश कुमार द्वारा AIREF के मुखपत्र "ई-इंजीनियर्स टाइम्स" के पहले अंक का विमोचन था। इस अवसर पर उन्होंने AIREF टीम को आश्वस्त किया कि इंजीनियरों की सभी लंबित समस्याओं का जल्द ही समाधान किया जाएगा। 'ई-इंजीनियर्स टाइम्स' की एक प्रति रेल मंत्री के निजी सचिव और उप निदेशक (रेलवे मंत्रालय) अमित श्रीवास्तव को भी भेंट की गई।

इंजीनियरों के मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा
इसी क्रम में, इंजीनियरों से जुड़े लंबित मामलों पर चर्चा के लिए AIREF प्रतिनिधिमंडल की रेलवे बोर्ड के महानिदेशक (मानव संसाधन) के साथ एक विशेष बैठक भी हुई। इस बैठक में समस्याओं के समाधान पर एक सकारात्मक संवाद हुआ, जो भविष्य में इंजीनियरों के हितों की रक्षा के लिए एक मजबूत आधार प्रदान करेगा।

AIREF, ECREA और CREA के इन निरंतर प्रयासों और प्रतिबद्धता की सभी रेल इंजीनियरों ने सराहना की है। यह बैठक न केवल इंजीनियरों की आवाज़ को बुलंद करने का माध्यम बनी, बल्कि उनके अधिकारों की रक्षा के लिए एक आशा की किरण भी जगाई है। फेडरेशन का मानना है कि इस तरह की पहल से रेलवे में कार्यरत इंजीनियरों का मनोबल बढ़ेगा और वे अधिक समर्पण के साथ अपना काम कर पाएंगे।