मां का दूध पीने वाले JE ने भाजपा नेता महेंद्र सेठ सहित 10 पर दर्ज कराया मुकदमा, देखिए क्या होती है कार्रवाई
चंदौली के बबुरी विद्युत उपकेंद्र पर जबरन बिजली बंद कराकर कंट्रोल रूम में ताला जड़ने के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। जेई प्रदीप कुमार की तहरीर पर पुलिस ने भाजपा नेता महेंद्र सेठ उर्फ पप्पू सहित 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
बबुरी विद्युत उपकेंद्र पर बाहरी लोगों ने किया जोरदार हंगामा
भाजपा नेता महेंद्र सेठ ने जबरन बंद कराया औद्योगिक फीडर
कंट्रोल रूम में ताला जड़ने से रातभर ठप रही बिजली आपूर्ति
पुलिस और उच्च अधिकारियों ने सुबह खुलवाया सब स्टेशन का ताला
चंदौली जिले के बबुरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विद्युत उपकेंद्र पर बाहरी तत्वों द्वारा हंगामा करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का एक गंभीर मामला सामने आया है। बिजली सब स्टेशन पर जबरन तालाबंदी कर विद्युत आपूर्ति ठप करने के आरोप में विभाग के अवर अभियंता (जेई) की तहरीर पर स्थानीय पुलिस ने भाजपा नेता महेंद्र सेठ उर्फ पप्पू सहित 10 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रात के अंधेरे में पहुंचे उपद्रवी, जबरन बंद कराया फीडर
विद्युत उपकेंद्र बबुरी पर तैनात जेई प्रदीप कुमार द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, यह घटना रात करीब 10:30 बजे की है। बबुरी निवासी भाजपा नेता महेंद्र सेठ उर्फ पप्पू सेठ अपने करीब 10 अज्ञात साथियों के साथ अचानक विद्युत उपकेंद्र परिसर में धमक पड़े। वहां मौजूद बिजली कर्मचारियों पर अनुचित दबाव बनाते हुए इन लोगों ने सुचारू रूप से संचालित हो रहे औद्योगिक फीडर को जबरन बंद करवा दिया।
कंट्रोल रूम में जड़ा ताला, रातभर परेशान रहे उपभोक्ता
जेई का आरोप है कि इतने से भी जब उपद्रवियों का मन नहीं भरा, तो उन्होंने उपकेंद्र के कंट्रोल रूम के मुख्य गेट में अपना ताला जड़ दिया। ताला बंद हो जाने के कारण ड्यूटी पर तैनात बिजली कर्मचारी अंदर प्रवेश नहीं कर सके, जिसके चलते पूरी रात क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप रही। रातभर बिजली गुल रहने के कारण स्थानीय उपभोक्ताओं को भीषण गर्मी और उमस में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। घटना की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना तत्काल डायल 112 पुलिस को भी दी गई।
सुबह खुला ताला और बीएनएस के तहत दर्ज हुआ मुकदमा
अगले दिन सुबह करीब 10:40 बजे विभाग के उच्च अधिकारियों और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में उपकेंद्र के मुख्य गेट का ताला तुड़वाकर/खुलवाकर क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को दोबारा बहाल कराया गया। विद्युत विभाग ने सरकारी कार्य में व्यवधान डालने और सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित करने की धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।
इस पूरे प्रकरण की जानकारी देते हुए बबुरी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद मिश्रा ने बताया कि विद्युत विभाग के अवर अभियंता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए महेंद्र सेठ उर्फ पप्पू सेठ समेत 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 121(1), 190 और 221 के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस टीम ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।