शादी से ठीक 3 दिन पहले किशोरी ने फंदे से लटककर की खुदकुशी, खुशियां बदलीं चीख-पुकार में

चंदौली के बबुरी थाना क्षेत्र में शादी वाले घर की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। तीन दिन बाद जिस चंदा कुमारी की शादी होनी थी, उसका शव फंदे से लटकता मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

शादी से पहले किशोरी की आत्महत्या

बजहा गांव में मिला शव

साड़ी के फंदे से लगाई फांसी

3 दिन बाद होनी थी शादी

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

चंदौली जिले के बबुरी थाना क्षेत्र के बजहा गांव से एक बेहद दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ एक घर में जहाँ तीन दिन बाद शादी की शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहाँ अचानक चीख-पुकार मच गई। घर की बेटी ने शादी से ठीक पहले आत्मघाती कदम उठाते हुए अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस दुखद घटना के बाद से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

साड़ी के फंदे से लटकता मिला चंदा का शव
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान चंदा कुमारी के रूप में हुई है। चंदा की शादी तय हो चुकी थी और ठीक तीन दिन बाद उसके हाथ पीले होने वाले थे। पूरा परिवार शादी की तैयारियों और मेहमानों के स्वागत में जुटा हुआ था। इसी बीच चंदा का शव घर के अंदर साड़ी के फंदे से लटकता हुआ मिला। बेटी को इस हाल में देखकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।

जांच और पोस्टमार्टम में जुटी बबुरी पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय बबुरी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को फंदे से नीचे उतरवाया और उसे अपने कब्जे में ले लिया। कानूनी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

आखिर क्यों उठाया ऐसा कदम? 
शादी वाले घर में इस तरह अचानक खुशियों का मातम में बदल जाना हर किसी को परेशान कर रहा है। आखिर चंदा कुमारी ने शादी से ठीक तीन दिन पहले इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी तक साफ नहीं हो पाई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे हर एंगल से मामले की बारीकी से जांच कर रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।