जमीन बंटवारे और ओझा-सोखा के विवाद में खूनी संघर्ष: चाचा की मौत, पत्नी अस्पताल में भर्ती

 

चंदौली के बबुरी क्षेत्र में जमीन के बंटवारे और भूत-प्रेत के पुराने विवाद में भतीजे और उसके बेटे ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इलाज के दौरान चाचा संग्राम की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं।

 
 

चंदौली के शाहपुर में खूनी संघर्ष

जमीन बंटवारे व अंधविश्वास में हमला

इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत

दो आरोपियों पर हत्या का मुकदमा

 चंदौली जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बबुरी थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में जमीन के बंटवारे और भूत-प्रेत को लेकर चल रहा पुराना पारिवारिक विवाद शुक्रवार की देर शाम खूनी संघर्ष में बदल गया। इस घटना में घायल घायल 60 वर्षीय संग्राम की शनिवार की सुबह इलाज के दौरान  की मौत हो गई। इसके बाद मामला और अधिक गरमा गया है।

लाठी-डंडों से किया जानलेवा हमला
मौके से मिली जानकारी के अनुसार, मूल रूप से महादेव गांव निवासी 60 वर्षीय संग्राम वर्तमान में शाहपुर गांव में रह रहे थे। उनके और उनके दिवंगत भाई रामसूरत के परिवार के बीच लंबे समय से जमीन के हिस्से और ओझा-सोखा के काम को लेकर तनाव चला आ रहा था। शुक्रवार को रामसूरत का बेटा प्यारे और उसका पुत्र जितेंद्र, संग्राम के घर पहुंचे। जमीन बेचने के बाद मिले हिस्से के पैसे के सिलसिले में वे संग्राम और उनकी पत्नी माया को गांव के बीच स्थित कुएं के पास ले गए। वहां बहस शुरू हुई और देखते ही देखते प्यारे व जितेंद्र ने लाठी-डंडों से दंपती पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर में तोड़ा दम
सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण संग्राम लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े और उनकी हालत बेहद नाजुक हो गई। परिजन और ग्रामीण दोनों घायलों को तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद संग्राम को वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। तमाम कोशिशों के बावजूद शनिवार की सुबह इलाज के दौरान संग्राम की मौत हो गई। संग्राम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के तीन पुत्र हैं। वहीं, उनकी घायल पत्नी माया का इलाज अभी भी जारी है।

दो आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आई और जांच पड़ताल शुरू कर दी। मृतक के शव का वाराणसी में ही पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले में जानकारी देते हुए पीडीडीयू के क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि जमीन और अंधविश्वास के विवाद को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। मामले में दो मुख्य आरोपियों..प्यारे और जितेंद्र के खिलाफ हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आगे की विधिक कानूनी कार्रवाई कर रही है।