CBSE नेशनल गर्ल्स हैंडबॉल: जेएस पब्लिक स्कूल में तीसरे दिन कतर व यूएई की टीमों ने दिखाया दमखम, जानें मुकाबलों का हाल
चंदौली के जेएस पब्लिक स्कूल में आयोजित सीबीएसई नेशनल गर्ल्स हैंडबॉल टूर्नामेंट के तीसरे दिन अंडर-14, 17 और 19 वर्ग के रोमांचक मैच खेले गए। देश-विदेश की 26 टीमों ने अपने शानदार खेल से दर्शकों का दिल जीत लिया।
सीबीएसई नेशनल गर्ल्स हैंडबॉल टूर्नामेंट 2026
चंदौली जेएस पब्लिक स्कूल में मैच
देश-विदेश की 26 टीमों की भिड़ंत
अंडर-14, 17 और 19 लीग मुकाबले
यूट्यूब पर मैचों का लाइव प्रसारण
चंदौली जिले के कासिमपुर स्थित जेएस पब्लिक स्कूल में आयोजित पांच दिवसीय सीबीएसई नेशनल गर्ल्स हैंडबॉल टूर्नामेंट-2026 के तीसरे दिन शनिवार को खिलाड़ियों ने मैदान पर अपना जबरदस्त दमखम दिखाया। अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग के लीग मुकाबलों में देश-विदेश से आई टीमों के बीच कड़ा और रोमांचक मुकाबला देखने को मिला।
स्वच्छ आसमान के नीचे सुबह से ही विद्यालय परिसर का खेल मैदान खिलाड़ियों के जोश, उत्साह और गतिविधियों से गुलजार रहा। दर्शक और खेल प्रेमी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते नजर आए।
अंडर-14 वर्ग में कतर और यूएई की टीमों का शानदार प्रदर्शन
अंडर-14 वर्ग के मुकाबलों में नोजगे पब्लिक स्कूल राजस्थान ने दुद्दुपूडी इंग्लिश स्कूल को 11-7 से हरा दिया। केएन मोदी ग्लोबल स्कूल गाजियाबाद ने हजारीलाल पब्लिक स्कूल दिल्ली को बेहद कड़े मुकाबले में 7-6 से मात दी।
वहीं अंतरराष्ट्रीय टीमों के मैच में बिरला पब्लिक स्कूल दोहा, कतर ने ग्रेट इंडियन सैनिक स्कूल रायपुर को 2-1 से हराया। इसके अलावा अवर ओन इंग्लिश स्कूल शारजाह, यूएई ने ग्रेट इंडियन सैनिक स्कूल रायपुर को 3-1 से पराजित किया। हालांकि, अगले मैच में दुद्दुपूडी इंग्लिश स्कूल ने अवर ओन इंग्लिश स्कूल शारजाह को 9-1 के बड़े अंतर से शिकस्त दी।
अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में दिखा एकतरफा व रोमांचक खेल
अंडर-17 वर्ग में भारत नेशनल पब्लिक स्कूल दिल्ली ने सनबीम अकैडमी वाराणसी को 6-0 से हराया। वेलामल चेन्नई ने ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल अलीगढ़ को 12-3 से मात दी। श्री जैन युआन गुजरात ने कल्याणी पब्लिक स्कूल पुणे को रोमांचक मैच में 12-11 से पराजित किया।
इंडियन स्कूल अलवेदी ने शांति निकेतन कतर को 11-2 से और द कल्याणी स्कूल पुणे ने आर्मी पब्लिक स्कूल गोपालपुर को 5-3 से हराया। वहीं अंडर-19 वर्ग में आर्मी पब्लिक स्कूल दिल्ली ने सनबीम अकैडमी वाराणसी को 16-2 से हराया। पावना स्कूल हाथरस ने ज्ञानदीप स्कूल कर्नाटक को 17-4 से पराजित किया।
26 टीमों के बीच मुकाबला और यूट्यूब पर सीधा प्रसारण
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश-विदेश की कुल 26 टीमें हिस्सा ले रही हैं। सभी टीमों को दो पोल में बांटकर लीग मुकाबले कराए जा रहे हैं, जिसके बाद सेमीफाइनल और फाइनल मैच खेले जाएंगे।
प्रतियोगिता के सभी मुकाबलों का विद्यालय परिसर से सीधा प्रसारण किया जा रहा है। खेल प्रेमी 'JS Public School Live' यूट्यूब चैनल के माध्यम से इन रोमांचक मैचों का आंखों देखा हाल घर बैठे लाइव देख सकते हैं।