नालियों की सफाई तक नहीं करवा पा रही हैं चेयरमैन सोनू किन्नर, सिल्ट भरने से से बजबजा रही हैं सड़के

चंदासी वार्ड में नाली का पानी सड़क पर बह रहा है। ईस्टर्न बाजार में भी नालियों की सफाई ठीक से नहीं होती, जिससे थोड़ी-सी बारिश में गलियों में पानी भर जाता है।
 

मुगलसराय की कई गलियों में भर जा रहा है पानी

नालियां की नहीं होती है सिल्ट सफाई

नालियां जाम होने से सड़कों पर बह रहा है गंदा पानी

नगर में 25 वार्ड और ढाई लाख आबादी प्रभावित

चंदौली जिले के पीडीडीयू नगर में शहर की नालियां सिल्ट और गंदगी से भरी होने के कारण अक्सर सड़क पर पानी बहाने लगी हैं। सफाईकर्मी नालियों की सफाई ठीक से नहीं कर रहे हैं, जिससे बारिश या गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर फैल जाता है।

आपको बता दें कि नगर में 25 वार्डों में लगभग ढाई लाख लोग निवास करते हैं। सफाई व्यवस्था के लिए पालिका की ओर से नियमित, संविदा और आउसोर्सिंग कर्मचारियों को मिलाकर 150 से अधिक कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाती है। इसके बावजूद कई नालियां जाम और सिल्ट से भरी हुई हैं।

बताते चलें कि चंदासी वार्ड में नाली का पानी सड़क पर बह रहा है। ईस्टर्न बाजार में भी नालियों की सफाई ठीक से नहीं होती, जिससे थोड़ी-सी बारिश में गलियों में पानी भर जाता है। बिछड़ी, अलीनगर, मुगलचक, महमूदपुर और मवई खुर्द सहित कई वार्डों में नालियां सिल्ट से भरी हैं। सिल्ट और गंदगी के कारण क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, और सफाई की कमी से संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है।

इस संबंध में नगर पालिका चेयरमैन सोनू किन्नर ने बताया कि शहर को स्वच्छ बनाने के लिए सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर दिया जा रहा है। जल्द ही अभियान चलाकर नालियों से सिल्ट हटाया जाएगा। साथ ही, जहां सफाई में कमी पाई जाएगी, वहां के सफाई नायक को नोटिस देकर जवाब तलब किया जाएगा।

स्वच्छता पखवाड़ा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों और कर्मचारियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी।