चंदौली में खूनी खेल जारी: 48 घंटे में तीसरी हत्या से दहला जिला, जम्मूतवी एक्सप्रेस में यात्री को मारी गोली

चंदौली में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। 48 घंटे के भीतर तीसरी और चलती ट्रेन में लगातार दूसरी हत्या ने रेल प्रशासन को हिलाकर रख दिया है। कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस में बिहार के यात्री की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे यात्रियों में भारी दहशत है।

 

48 घंटे में तीसरी सनसनीखेज वारदात

कोलकाता जम्मूतवी एक्सप्रेस में चली गोली

बिहार निवासी दिनेश साह की हत्या

डीडीयू रेल मंडल की सुरक्षा तार-तार

आरोपी ट्रेन से कूदकर हुआ फरार

चंदौली जिले में इस समय अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और जिले में ताबड़तोड़ हत्याएं हो रही हैं। जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए अपराधियों ने पिछले 48 घंटों के भीतर तीन बड़ी हत्याओं को अंजाम दिया है। विशेष रूप से पंडित दीनदयाल उपाध्याय (DDU) जंक्शन रेल मंडल में यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त नजर आ रही है। सोमवार सुबह चलती ट्रेन में एक और यात्री की हत्या ने रेलवे सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं।

जम्मूतवी एक्सप्रेस के कोच में खूनी वारदात
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह मुगलसराय और वाराणसी रेलखंड के बीच कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस (13151) में एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। ट्रेन जब डीडीयू जंक्शन से लखनऊ की ओर रवाना हुई थी, तभी ब्लॉक हट-बी सेक्शन के पास जनरल टिकट लेकर एस-2 कोच में यात्रा कर रहे एक व्यक्ति को सिर में गोली मार दी गई। मृतक का रक्तरंजित शव बाथरूम के समीप मिला। इस घटना के बाद पूरी ट्रेन में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान बिहार के पिपरिया, गया निवासी 57 वर्षीय दिनेश साह के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ धार्मिक यात्रा पर निकले थे।

वारदात के बाद आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी
प्रयागराज रेलवे एसपी प्रशांत कुमार वर्मा ने बताया कि जम्मूतवी एक्सप्रेस रात करीब 1:30 बजे दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से आगे बढ़ी थी। सिकटिया के समीप पहुंचने पर अचानक एक हमलावर ने दिनेश साह को निशाना बनाया और गोली मारकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपी वारदात के तुरंत बाद चलती ट्रेन से कूदकर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। एसपी ने मामले के खुलासे के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया है, जो हमलावर के हुलिए और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही हैं।

सुरक्षा व्यवस्था की खुली पोल: लगातार दूसरा दिन, दूसरी ट्रेन हत्या
यह घटना इसलिए अधिक गंभीर है क्योंकि ठीक 24 घंटे पहले, यानी रविवार सुबह भी इसी रेल मंडल में ऐसी ही वारदात हुई थी। मुगलसराय से ताड़ीघाट जा रही पैसेंजर ट्रेन में गाजीपुर के जमनिया निवासी 34 वर्षीय मंगरू की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। कुचमन और सकलडीहा स्टेशनों के बीच हुई उस वारदात में हत्यारे शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक कर फरार हो गए थे। लगातार दो दिनों में दो यात्रियों की जान जाना यह दर्शाता है कि रेलवे में हथियारबंद बदमाशों का प्रवेश कितना आसान हो गया है।

यात्रियों में दहशत का माहौल
डीडीयू जंक्शन जैसे अति संवेदनशील और महत्वपूर्ण रेल मंडल में लगातार हो रही इन घटनाओं से यात्रियों में भारी रोष और डर का माहौल है। यात्रियों का आरोप है कि लंबी दूरी की ट्रेनों में सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी केवल नाममात्र की रह गई है। चेकिंग और गश्त के दावों के बावजूद अपराधी अवैध हथियारों के साथ कोच में कैसे दाखिल हो रहे हैं, यह एक बड़ा सवाल है।


घटना की गंभीरता को देखते हुए रेलवे के आला अधिकारी अलर्ट मोड पर हैं। पुलिस मृतक के परिजनों और कोच में मौजूद अन्य यात्रियों से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके। क्या यह कोई पुरानी रंजिश थी या लूटपाट के विरोध में की गई हत्या, पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल, चंदौली और डीडीयू रेल मंडल में सुरक्षा बढ़ा दी गई है, लेकिन आम जनता का भरोसा बहाल करना प्रशासन के लिए अब एक बड़ी चुनौती बन गया है।