घायल छात्र को स्ट्रेचर न मिलने पर CMO ने लिया संज्ञान, 3 वार्ड ब्वॉय को नोटिस, जांच में सामने आई लापरवाही
सड़क हादसे में घायल छात्र को स्ट्रेचर न मिलने से मचा हड़कंप
वीडियो वायरल होते ही स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप
CMO डॉ. युगल किशोर राय ने लिया तत्काल संज्ञान
3 वार्ड ब्वॉय को लापरवाही पर थमाया गया नोटिस
चंदौली जनपद में मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में घायल हुए एक छात्र को अस्पताल में समय पर स्ट्रेचर न मिलने की घटना ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मामले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. युगल किशोर राय ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए थे।
जिसके मामले में डिप्टी सीएमओ संजय सिंह ने जांच में तीन वार्ड ब्वॉय को नोटिस दिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। वीडियो में घायल छात्र को स्ट्रेचर के अभाव में अस्पताल के भीतर खींचकर ले जाया जा रहा था। इस अमानवीय दृश्य ने स्वास्थ्य सेवाओं की लापरवाही को उजागर कर दिया। इसके बाद डिप्टी CMO डॉ. संजय सिंह ने मौके पर पहुंचकर पूरे प्रकरण की जांच की।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें वार्ड ब्वॉय की स्पष्ट लापरवाही सामने आई। फुटेज में दिखा कि घायल छात्र के परिजन मदद के लिए इधर-उधर भटकते रहे, जबकि ड्यूटी पर मौजूद वार्ड ब्वॉय आवश्यक सहयोग देने में असफल रहे। इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए तीनों वार्ड ब्वॉय से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
एडिशनल CMO ने बताया कि संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, CMO डॉ. युगल किशोर राय ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में मरीज या घायल को इस तरह की परेशानी न हो, इसके लिए अस्पताल प्रशासन को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए अस्पताल में स्ट्रेचर और व्हीलचेयर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्टाफ की ड्यूटी मॉनिटरिंग की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है, लेकिन CMO के तत्पर हस्तक्षेप और जांच कार्रवाई से उम्मीद है कि लापरवाही करने वाले कर्मचारियों पर कठोर कार्रवाई होगी और मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।