मुगलसराय में 6 महीने की बछिया से अप्राकृतिक कृत्य के बाद हत्या का आरोप, मुकदमा दर्ज
चंदौली के मुगलसराय में 6 महीने की बछिया के साथ हैवानियत और हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पशुपालक की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुगलसराय में बछिया से हैवानियत का आरोप
सीसीटीवी फुटेज खंगालने की मांग उठी
राष्ट्रीय गौ रक्षा वाहिनी ने दी सूचना
नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग
चंदौली जिले से इंसानियत को तार-तार कर देने वाली घटना सामने आई है। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के चंदासी वार्ड नंबर 14 में एक 6 महीने की बछिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बछिया की मौत के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पशुपालक ने एक व्यक्ति पर बछिया के साथ अप्राकृतिक कृत्य करने और फिर उसकी बेरहमी से हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
रात के अंधेरे में वारदात, CCTV फुटेज में कैद हुआ घटनाक्रम
पशुपालक रामचंद्र उर्फ टिट्टू के अनुसार यह दर्दनाक घटना रात के लगभग तीन से साढ़े तीन बजे के बीच की है। उन्होंने आरोप लगाया कि विनोद उर्फ बबलू नाम के व्यक्ति ने उनकी 6 महीने की बछिया के साथ यह हैवानियत की। पशुपालक का कहना है कि घटना से जुड़े सारे सबूत पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हैं, जिसकी जांच कर आरोपी की हकीकत सामने लाई जानी चाहिए।
राष्ट्रीय गौ रक्षा वाहिनी ने पुलिस को दी सूचना
घटना की भनक लगते ही राष्ट्रीय गौ रक्षा वाहिनी के प्रदेश प्रभारी प्रिंस जायसवाल मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया। उन्होंने क्षेत्राधिकारी और डायल 112 को फोन कर घटना की पूरी जानकारी दी। गौ रक्षा वाहिनी ने पुलिस से मांग की है कि मामले में ढिलाई न बरती जाए और पूरे प्रकरण पर सख्त नजर रखी जाए ताकि बेजुबान को न्याय मिल सके।
सोशल मीडिया पर गूंजा मामला, उठने लगे कार्रवाई पर सवाल
बछिया के साथ हुई इस क्रूरता की खबर जैसे ही सोशल मीडिया पर सामने आई, लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय लोगों और पशुपालक पक्ष की ओर से निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की जल्द से जल्द वैज्ञानिक जांच कराई जाए और जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।
साक्ष्यों के आधार पर होगी कार्रवाई
इस संवेदनशील मामले में पुलिस प्रशासन भी तुरंत हरकत में आ गया है। मुगलसराय के थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने बताया कि पीड़ित पशुपालक की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों को खंगाल रही है। उन्होंने भरोसा दिया कि सबूतों के आधार पर नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।