मुगलसराय के नाले में मिला नवजात बच्चे का शव, इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं

 

चंदौली के मुगलसराय में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गल्ला मंडी सुपर मार्केट के पास एक नाले में नवजात बच्चे का शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है।

 
 

मुगलसराय गल्ला मंडी में मिला शव

नाले में पड़ा मिला नवजात शिशु

इलाके में फैली जबरदस्त सनसनी

CCTV खंगालने में जुटी पुलिस टीम

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

 चंदौली जनपद अंतर्गत मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के गल्ला मंडी सुपर मार्केट इलाके में शनिवार को मानवता को शर्मसार करने वाली एक दुखद घटना सामने आई है। यहाँ एक नाले में नवजात शिशु का शव पड़ा मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।  बताया जा रहा है कि शनिवार की दोपहर जैसे ही स्थानीय लोगों ने नाले में बच्चे का शव देखा, देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जमा हो गई।

पुलिस ने शव को लिया कब्जे में
 घटना की सूचना मिलते ही कूड़ा बाजार चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।  पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से नवजात के शव को नाले से बाहर निकलवाया।  मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन प्रारंभिक तौर पर कोई सुराग नहीं मिल सका।  बताया जा रहा है कि शिशु का शव करीब एक से दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है।  पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।  मौके पर मौजूद लोग इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों को कोसते नजर आए।

CCTV फुटेज से होगी आरोपियों की पहचान
 मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस पूरी सतर्कता से जांच में जुट गई है। कूड़ा बाजार चौकी प्रभारी विजय राज ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर इस मासूम को नाले में किसने और किन परिस्थितियों में फेंका।

 इसके लिए पुलिस गल्ला मंडी और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रही है, ताकि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।