मुगलसराय में अवैध गैस रिफिलिंग पर SDM का छापा, काली मुहाल में चल रहे अवैध गैस रिफिलिंग धंधे का भंडाफोड़,

 

 चंदौली के मुगलसराय में अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ एसडीएम अनुपम मिश्रा ने बड़ी कार्रवाई की है। काली मुहाल में छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में घरेलू सिलेंडर और उपकरण बरामद किए गए, जिससे अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

 
 

मुगलसराय में अवैध रिफिलिंग पर छापेमारी


काली मुहाल इलाके में भारी हड़कंप


दर्जनों घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए


रिफिलिंग उपकरण और वाहन जप्त किया


फरार संचालक के खिलाफ सख्त निर्देश

चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले काली मुहाल इलाके में शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एसडीएम अनुपम मिश्रा ने अपनी टीम के साथ एक अवैध गैस रिफिलिंग केंद्र पर छापा मारा।  प्रशासन को लंबे समय से इस क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध तरीके से रिफिलिंग किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं।  इसी सूचना के आधार पर की गई इस आकस्मिक कार्रवाई ने इलाके के अवैध कारोबारियों के बीच हड़कंप मचा दिया है।

भारी मात्रा में अवैध सामान और वाहन जब्त 
एसडीएम की अगुवाई में हुई इस छापेमारी के दौरान एक अहाते से भारी मात्रा में अवैध सामग्री बरामद की गई।  अधिकारियों ने मौके से 12 घरेलू एलपीजी सिलेंडर (जिसमें 14 किलो और 5 किलो वाले सिलेंडर शामिल हैं) बरामद किए हैं।  इसके अलावा, गैस रिफिलिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले अवैध उपकरण और एक वाहन को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।  हालांकि, छापेमारी की भनक लगते ही अवैध केंद्र का संचालक मौके से खिसकने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश अब तेज कर दी गई है। 

प्रशासन का सख्त रुख: नहीं बचेगा कोई भी दोषी
 इस बड़ी कार्रवाई के बाद एसडीएम अनुपम मिश्रा ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि घरेलू सब्सिडाइज्ड गैस का व्यावसायिक या अवैध उपयोग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।  उन्होंने तत्काल पूर्ति विभाग और स्थानीय कोतवाली पुलिस को संबंधित दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
एसडीएम ने चेतावनी दी है कि जनता की सुरक्षा और सरकारी संसाधनों के अवैध दोहन को रोकने के लिए भविष्य में भी इस तरह के औचक निरीक्षण और छापेमारी जारी रहेगी।

 इस पूरी कार्रवाई के दौरान कूड़ा बाजार चौकी इंचार्ज समेत भारी पुलिस बल तैनात रहा, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।