मुगलसराय में बेखौफ चोर, CCTV में कैद हुई शराब दुकान से 80 हजार कैश और महंगी शराब की चोरी

चंदौली के मुगलसराय में पुलिस पिकेट के सामने स्थित शराब की दुकान में चोरों ने लाखों की चोरी को अंजाम दिया है। पांच महीने में यह तीसरी वारदात है। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है और पुलिस जांच कर रही है।

 

पुलिस पिकेट के सामने लाखों की चोरी

शराब की दुकान में तीसरी वारदात

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ शातिर चोर

80 हजार कैश और महंगी शराब चोरी

मुगलसराय के चकिया तिराहे की घटना

 चंदौली जिले में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र का है, जहां बेखौफ चोरों ने पुलिस को ही खुली चुनौती दे डाली है। चकिया तिराहे पर स्थित एक पुलिस पिकेट के ठीक सामने बनी कंपोजिट शराब की दुकान से चोरों ने लाखों रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस की नाक के नीचे हुई इस दुस्साहसिक घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी रोष है।

5 महीने में तीसरी बार वारदात
जानकारी के मुताबिक, यह चोरी देर रात को अंजाम दी गई और सुबह जब दुकान संचालक गोपाल जायसवाल ने दुकान खोली, तब उन्हें इस घटना की जानकारी हुई। चोरों ने दुकान से लगभग 80 हजार रुपये नकद के साथ-साथ महंगी बीयर और शराब की कई पेटियां चुरा लीं। सबसे हैरानी की बात यह है कि बीते महज पांच महीनों में इसी दुकान में चोरी की यह तीसरी घटना है। संचालक का आरोप है कि पुलिस अब तक पिछले किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर पाई है।

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ चोर
पुलिस पिकेट के ठीक सामने हुई इस वारदात ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। हालांकि, राहत की बात यह है कि चोरी की यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में चोरी करने वाले शातिर का चेहरा भी साफ-साफ नजर आ रहा है। फिलहाल, स्थानीय पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। लगातार हो रही इन वारदातों से लोगों का कहना है कि पुलिस अपराधियों पर लगाम लगाने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है।