पुलिस और बदमाशों के बीच एक और मुठभेड़: मुनीम मर्डर केस का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, जवाबी कार्रवाई में शूटर के पैर में लगी गोली
चंदौली पुलिस ने मुनीम मनोज कुमार हत्याकांड का चंद घंटों में खुलासा कर दिया है। कर्ज और ब्याज की रकम न चुकानी पड़े, इसलिए एक लोको पायलट ने बिहार के शूटर से यह हत्या कराई थी। मुठभेड़ के बाद आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं।
मुनीम हत्याकांड का सफल अनावरण
कर्ज से बचने को रची साजिश
मुख्य आरोपी लोको पायलट गिरफ्तार
पुलिस मुठभेड़ में शूटर घायल
बिहार के शूटर ने मारी गोली
चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के पटपरा गांव के सिवान में मुगलसराय निवासी मुनीम मनोज कुमार की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लेनदेन के विवाद और कर्ज व ब्याज की भारी रकम वापस न करनी पड़े, इसके लिए मुनीम की हत्या की यह पूरी खौफनाक साजिश रची गई थी।
लोको पायलट ने बिहार के शूटर को दी थी सुपारी
क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि मामले का मुख्य आरोपी रेलवे में एक लोको पायलट है। उसने कर्ज के दबाव से बचने के लिए एक सुनियोजित योजना तैयार की और मनोज कुमार को बहाने से पटपरा गांव के पास बुलाया। इसके बाद उसने मनोज की हत्या कराने के लिए बिहार से शूटर को बुलाया था। हत्या की इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए थे, जिसके बाद पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और मुख्य आरोपी तक पहुंचने में कामयाबी हासिल की।
पिस्तौल बरामदगी के दौरान पुलिस पर फायरिंग, मुठभेड़ में शूटर घायल
पुलिस टीम मुख्य आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्तौल को बरामद करने के लिए अलीनगर थाना क्षेत्र के कुरहना अंडरपास कैली रोड के पास गई थी। इसी दौरान वहां छिपे शातिर शूटर ने पुलिस टीम को देखते ही उन पर अंधाधुंध फायर झोंक दिया। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें शूटर के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे तुरंत दबोच लिया और इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
बताया जा रहा है कि पकड़े गए घायल बदमाश की पहचान राजेश उर्फ सूरज के रूप में हुई है, जो बिहार के भोजपुर का रहने वाला है। इस मुठभेड़ के बाद घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।