टूटते रिश्तों को मिली संजीवनी: मुगलसराय पुलिस ने सुलझाया पति-पत्नी का विवाद, साथ विदा हुए दंपत्ति

 

चंदौली पुलिस का 'मिशन शक्ति अभियान' रिश्तों की डोर मजबूत कर रहा है। मुगलसराय थाने में पुलिस ने सूझबूझ से एक टूटने की कगार पर पहुँच चुके परिवार को न केवल बचाया, बल्कि दंपत्ति के बीच गिले-शिकवे दूर कर उन्हें फिर से एक साथ रहने के लिए राजी किया।

 
 

मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 की सफलता।

मुगलसराय पुलिस ने बचाया टूटता रिश्ता

काउंसलिंग के बाद एक साथ हुए दंपत्ति।

पारिवारिक विवादों का हुआ शांतिपूर्ण समाधान

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सार्थक प्रयास

चंदौली जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ चंदौली पुलिस अब सामाजिक रिश्तों को भी नया जीवन दे रही है। 'मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0' के द्वितीय चरण के अंतर्गत मुगलसराय पुलिस ने एक सराहनीय कार्य करते हुए, विवादों के कारण अलग रह रहे एक दंपत्ति को पुन: एक कर दिया है।

मिशन शक्ति केंद्र का सार्थक प्रयास
पुलिस अधीक्षक चंदौली के निर्देशन में जनपद के सभी थानों में मिशन शक्ति केंद्र सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। मुगलसराय थाने के मिशन शक्ति केंद्र पर एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ पारिवारिक विवाद के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों को नोटिस और मोबाइल के माध्यम से केंद्र पर बुलाया।

काउंसलिंग से दूर हुई कड़वाहट
शनिवार, 4 अप्रैल 2026 को मिशन शक्ति केंद्र पर अनुभवी पुलिस कर्मियों और काउंसलर्स ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाया। पुलिस टीम ने उन्हें पारिवारिक मूल्यों, बच्चों के भविष्य और सामाजिक महत्व के बारे में विस्तार से समझाया। घंटों चली काउंसलिंग के बाद दंपत्ति को अपनी गलतियों का एहसास हुआ। दोनों पक्षों ने पुरानी कड़वाहट को भुलाकर बिना किसी दबाव के एक-दूसरे के साथ फिर से जीवन शुरू करने का फैसला लिया।

खिला उठा चेहरा, घर वापस लौटे दंपत्ति
अपनी आपसी सहमति से पति और पत्नी ने एक-दूसरे का सम्मान करने और साथ रहने का वादा किया। मिशन शक्ति केंद्र ने बिखरते हुए परिवार को टूटने से बचाकर समाज में एक सकारात्मक संदेश दिया है। समझौते के बाद पुलिस ने दंपत्ति को खुशी-खुशी उनके घर के लिए विदा किया। चंदौली पुलिस का यह प्रयास न केवल कानूनी कार्रवाई से इतर है, बल्कि समाज में शांति और प्रेम की स्थापना की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।