धनतेरस से दिवाली तक चलेगा चेकिंग व पैदल गश्त का अभियान, इन जगहों पर होगा खास फोकस
चंदौली में त्योहारों और यातायात माह के तहत पुलिस का सघन चेकिंग अभियान जारी है। डीआईजी ने बाजारों का निरीक्षण कर सर्राफा व्यापारियों से सुरक्षा पर संवाद करने व सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने की बात कही है।
पड़ाव चौराहे पर चलती रही देर रात सघन चेकिंग
ताराजीवनपुर में चलाया गया पुलिस का जबरदस्त चेकिंग अभियान
यातायात माह में पुलिस की सड़कों पर रहेगी पैनी नजर
डीआईजी वैभव कृष्ण ने दिया बाजारों में गश्त का फरमान
सर्राफा व्यापारियों से सीसीटीवी लगाने की अपील
चंदौली जिले में आगामी त्योहारों की सुरक्षा और यातायात माह के तहत पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर दिखाई दे रही है। इसी कड़ी में पड़ाव चौराहे पर देर रात तक सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान सीओ अरुण सिंह और जलीलपुर चौकी प्रभारी अजय कुमार अपनी टीम के साथ पूरी तरह मुस्तैद रहे। पुलिस ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों पर पैनी नजर बनाए रखी और यातायात के नियम तोड़ने वालों की बारीकी से जांच की।
ताराजीवनपुर चौराहे पर भी पुलिस का अभियान
उधर ताराजीवनपुर चौराहे पर भी पुलिस प्रशासन का जबरदस्त चेकिंग अभियान देखने को मिला। ताराजीवनपुर चौकी प्रभारी अमित सिंह ने पूरी पुलिस फोर्स के साथ क्षेत्र में पैदल गश्त की। आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए चंदौली पुलिस पूरी तरह सतर्क है और जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए देर रात तक सड़कों पर पुलिस अधिकारियों और जवानों की सक्रियता साफ नजर आई। वाहनों की सघन जांच के साथ संदिग्धों पर भी नजर रखी गई।
डीआईजी वैभव कृष्ण ने बाजारों का किया निरीक्षण
इसी दौरान वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) वैभव कृष्ण ने आला अफसरों से बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की सक्रियता और सुरक्षा प्रबंधों का खुद जायजा लेने के लिए कहा है। उन्होंने सर्राफा व्यवसायियों, दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया। बातचीत के दौरान व्यापारियों से उनकी सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं और सुझावों के बारे में जानकारी ली गई ताकि बाजारों में किसी भी तरह की सुरक्षा चूक न होने पाए।
प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे चालू रखने की अपील
डीआईजी ने व्यापारियों और दुकानदारों से अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरों को हमेशा क्रियाशील रखने की अपील की। उन्होंने सुरक्षा के सभी आवश्यक उपाय अपनाने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की बात कही। अधिकारियों का मानना है कि व्यापारियों की सतर्कता और सीसीटीवी कैमरों के एक्टिव रहने से आपराधिक गतिविधियों पर पूरी तरह से नकेल कसने में मदद मिलेगी।
संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात करने के निर्देश
डीआईजी वैभव कृष्ण ने चंदौली सहित सभी संबंधित जिलों के पुलिस अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि आगामी त्योहारों के मद्देनजर सर्राफा बाजारों में नियमित पैदल गश्त और प्रभावी चेकिंग सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संदिग्ध वाहनों की निगरानी, यातायात का सुचारु संचालन और व्यापारियों के साथ निरंतर तालमेल बनाए रखने को कहा गया। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया (क्विक रिस्पॉन्स) सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।