चंदौली SP के औचक निरीक्षण में गायब मिले TSI, सड़क पर रेंगता रहा यातायात, हो गयी कार्रवाई की शुरुआत

 

रक्षाबंधन के दिन चंदौली में यातायात व्यवस्था बिगड़ने पर SP आकाश पटेल खुद सड़क पर उतरे। निरीक्षण के दौरान पड़ाव चौराहे से ट्रैफिक प्रभारी सत्यप्रकाश यादव गायब मिले, जिसके बाद SP ने उन पर सख्त कार्रवाई की।

 
 

रक्षाबंधन पर मुगलसराय में लगा भारी जाम

सड़क पर उतरे पुलिस कप्तान आकाश पटेल

पड़ाव चौराहे पर नदारद मिले यातायात प्रभारी

टीआई सत्यप्रकाश यादव को लगाई जमकर फटकार

मुगलसराय कोतवाली जीडी में दर्ज कराया तस्करा

रक्षाबंधन के पावन पर्व पर चंदौली जिले में यातायात व्यवस्था की पोल खुलती नजर आई। त्योहार की वजह से मुगलसराय कस्बे से लेकर पड़ाव चौराहे तक वाहनों का भारी दबाव बढ़ गया था और सड़क पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई थीं। यातायात रेंगता देख और लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए चंदौली के पुलिस कप्तान (SP) आकाश पटेल खुद सड़क पर उतर आए और स्थिति का जायजा लिया। लेकिन हैरानी की बात यह रही कि वहां तैनात यातायात प्रभारी सत्यप्रकाश यादव मौके से नदारद मिले।

चौराहे से गायब यातायात प्रभारी को पहले फटकारा
मुगलसराय कस्बे में व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के बाद एसपी आकाश पटेल पड़ाव चौराहे पर पहुंचे। वहां तैनात यातायात प्रभारी सत्यप्रकाश यादव मौके से नदारद मिले। जानकारी के अनुसार, यातायात प्रभारी सड़क और चौराहे पर व्यवस्था संभालने के बजाय करकट में बैठे हुए पाए गए। इस लापरवाही पर एसपी ने भारी नाराजगी जताई और उन्हें मौके पर ही जमकर फटकार लगाते हुए ड्यूटी के दौरान पूरी जिम्मेदारी से तैनात रहने के कड़े निर्देश दिए।

मुगलसराय कोतवाली जीडी में दर्ज कराया गया तस्करा
मामले में सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस कप्तान आकाश पटेल ने बताया कि लापरवाही बरतने वाले यातायात प्रभारी के खिलाफ मुगलसराय कोतवाली की जीडी (General Diary) में शिकायती तस्करा अंकित करा दिया गया है। एसपी ने साफ कहा कि यदि संबंधित अधिकारी की ओर से दिया गया स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया जाता है, तो उनके खिलाफ आगे की अन्य आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।

ड्यूटी को लेकर उठे कई बड़े सवाल
रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण त्योहार पर जब सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव काफी बढ़ा हुआ था, ऐसे समय में पुलिस कप्तान का खुद मैदान में उतरकर व्यवस्था संभालना पुलिस महकमे की सजगता को दर्शाता है। लेकिन दूसरी तरफ, इतने संवेदनशील मौके पर जिम्मेदार यातायात प्रभारी का अपनी पोस्ट पर मौजूद न रहना ड्यूटी के प्रति बरती जा रही लापरवाही को उजागर करता है।