UPSC Success: 50वीं रैंक पाने वाले ईशित्व आनंद की माता सम्मानित, RPF में तैनात मां का मंडल रेल प्रबंधक ने बढ़ाया मान
UPSC परीक्षा में 50वीं रैंक हासिल करने वाले ईशित्व आनंद की सफलता पर डीडीयू मंडल में जश्न का माहौल है। मंडल रेल प्रबंधक ने ईशित्व की माता और RPF एएसआई अनमोल कुमारी को सम्मानित कर इस उपलब्धि को रेलवे के लिए गौरव बताया।
UPSC में ईशित्व आनंद की 50वीं रैंक
RPF एएसआई अनमोल कुमारी सम्मानित
डीआरएम उदय सिंह मीना ने दी बधाई
ओक ग्रोव स्कूल के पूर्व छात्र की सफलता
रेलवे परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में 50वीं रैंक प्राप्त कर जिले और भारतीय रेलवे का नाम रोशन करने वाले ईशित्व आनंद की सफलता का जश्न डीडीयू मंडल में मनाया गया। पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) उदय सिंह मीना ने ईशित्व की माता अनमोल कुमारी को सम्मानित कर उनकी परवरिश और बेटे की कड़ी मेहनत की सराहना की।
DRM ने पुष्पगुच्छ भेंट कर बढ़ाया मान
अनमोल कुमारी पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में रेल सुरक्षा बल (RPF) में सहायक उप निरीक्षक (ASI) के पद पर कार्यरत हैं। मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने अपने चेंबर में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में अनमोल कुमारी को पुष्पगुच्छ भेंट किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ईशित्व आनंद की सफलता केवल उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे डीडीयू मंडल और भारतीय रेल के लिए अत्यंत गर्व का विषय है।
पारिवारिक मार्गदर्शन और समर्पण का फल
इस अवसर पर उपस्थित वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त दिनेश सिंह तोमर ने भी अनमोल कुमारी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि एक पुलिस अधिकारी के रूप में अपने कठिन कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए अपने बेटे को बेहतर शिक्षा और उचित मार्गदर्शन देना अनमोल कुमारी के समर्पण को दर्शाता है। ईशित्व की यह सफलता साबित करती है कि यदि माता-पिता का संबल और सही दिशा मिले, तो कोई भी लक्ष्य नामुमकिन नहीं है।
रेलवे के ओक ग्रोव स्कूल से शुरू हुआ सफर
ईशित्व आनंद की प्रारंभिक शिक्षा भारतीय रेल के मसूरी स्थित प्रतिष्ठित ओक ग्रोव स्कूल (Oak Grove School) में हुई है। उन्होंने वर्ष 2011 में कक्षा 3 में प्रवेश लिया था और 2019 तक कक्षा 10 तक की पढ़ाई वहीं से पूरी की। वे बचपन से ही मेधावी छात्र रहे और सिविल सेवा में जाकर देश की सेवा करने का लक्ष्य निर्धारित कर लिया था।
युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा
मंडल रेल प्रबंधक ने विश्वास जताया कि ईशित्व आनंद भविष्य में एक कुशल और ईमानदार प्रशासनिक अधिकारी बनकर समाज की सेवा करेंगे। उन्होंने कहा कि ईशित्व की यह उपलब्धि उन तमाम युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है जो सीमित संसाधनों के बावजूद कठिन परिश्रम और अनुशासन के बल पर अपनी मंजिल प्राप्त करना चाहते हैं। इस सफलता से पूरे रेलवे मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों में हर्ष व्याप्त है।