शिक्षक दिवस पर शिक्षकों का हुआ सम्मान, छत्रबली सिंह ने दिए स्मृति चिन्ह
SRVS स्कूल में शिक्षक दिवस का भव्य आयोजन
स्मृति चिन्ह देकर सराहनीय कार्य करने वाले शिक्षकों का सम्मान
प्रबंध निदेशक छत्रबली सिंह और विशिष्ट अतिथियों ने की शिरकत
सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंज उठा विद्यालय परिसर
चंदौली जिले में स्वर्गीय रामविलास सिंह शिक्षण संस्थान (सीआरबीएस स्कूल) में शिक्षक दिवस के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सराहनीय कार्य करने वाले शिक्षकों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के साथ-साथ समूह की विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी और शिक्षक भी मौजूद रहे।
आपको बता दें कि कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि संस्था की प्रबंध निदेशक छत्रबली सिंह एवं विशिष्ट अतिथि संस्था की फाउंडर मालती सिंह, सहायक प्रबंधक श्याम जी सिंह, निर्देशिका सरिता सिंह, ट्रस्टी रीता सिंह और अनामिका सिंह ने संयुक्त रूप से सर्वपल्ली राधाकृष्णन के तेल चित्र पर माल्यार्पण कर की। इस दौरान एसआरबीएस ग्रुप ऑफ एजुकेशनल इंस्टिट्यूट की सभी शाखाओं—सिकंदरपुर, मुगलसराय, अहिरौरा और तियारा शहाबगंज—के प्राचार्य, उपप्राचार्य, सचिव, अध्यापक एवं कर्मचारी शामिल हुए।
बताते चलें कि छात्र-छात्राओं ने गीत, नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियों से समारोह का माहौल जीवंत बना दिया। बच्चों के उत्साह और उनकी प्रतिभा ने पूरे विद्यालय परिसर को तालियों की गड़गड़ाहट से गुंजायमान कर दिया।
मुख्य अतिथि छत्रबली सिंह ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि “शिक्षकों के सम्मान से ही राष्ट्र गौरव प्राप्त करता है। गुरुजन देश की नींव को मजबूत करने का कार्य करते हैं, इसलिए उनका सम्मान हर जगह होना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि बच्चों में संस्कार और अनुशासन की नींव भी डालते हैं। ऐसे प्रयासों से विद्यालय की प्रतिष्ठा और शिक्षा की गुणवत्ता निरंतर बढ़ती है।
यह समारोह न केवल शिक्षकों के लिए प्रेरणा बना, बल्कि बच्चों और अभिभावकों के लिए भी एक सशक्त संदेश लेकर आया। कार्यक्रम ने सभी को यह एहसास कराया कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की रीढ़ हैं और उनका सम्मान हर स्तर पर होना चाहिए।