घर के बाहर खेल रहे मासूम की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत, परिजनों का हंगामा
ढलान पर खड़े ट्रैक्टर से हुआ हादसा
खेलते समय ट्रैक्टर की चपेट में आया मासूम
मौके पर ही दो वर्षीय बालक की मौत
परिवार और ग्रामीणों ने किया जमकर हंगामा
चंदौली जनपद के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के दुलहीपुर के मोहम्मदपुर गांव में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के बाहर खेल रहे दो वर्षीय मासूम बालक की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया और ट्रैक्टर को फूंकने की कोशिश भी की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और समझाकर स्थिति को नियंत्रण में लिया।
ढलान पर खड़ा ट्रैक्टर बना हादसे की वजह
मोहम्मदपुर निवासी अनिल चौधरी का पुत्र शुभम घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान पड़ोसी के घर भवन निर्माण का सामान लादकर ट्रैक्टर-ट्राली आई। चालक ने ट्रैक्टर स्टार्ट हालत में ही ढलान पर खड़ा कर दिया और ट्राली से सामान उतारने में लग गया। अचानक ट्रैक्टर ढलान पर चल पड़ा और सामने खेल रहे शुभम को कुचल दिया। बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर उमड़ा ग्रामीणों का गुस्सा
घटना के बाद घर में कोहराम मच गया। मासूम की मौत की खबर सुनकर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक पर कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया और ट्रैक्टर को आग लगाने का प्रयास किया।
पुलिस ने लिया स्थिति पर नियंत्रण
मामले की जानकारी होते ही मुगलसराय कोतवाल गगनराज सिंह, इंस्पेक्टर चंद्रकेश शर्मा, इंस्पेक्टर राजेश कुमार मिश्रा और दुल्हीपुर चौकी प्रभारी धर्मदेव सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों ने समझाकर ग्रामीणों को शांत कराया और आश्वासन दिया कि दोषी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।