SDM साहब कब होगा समस्या का समाधान, मकान बेचने के बाद भी कब्जा नहीं छोड़ रहे दबंग
 

यूसुफ खान का कहना है कि शाहजहां ने बेटी की शादी का हवाला देकर कुछ समय के लिए मकान अपने पास रखने की बात कही थी, मगर शादी के बाद भी उसने मकान खाली नहीं किया।
 

 बेचने के बाद मकान खाली नहीं कर रही है महिला

उल्टे खरीदार को दिलवा रही है धमकी

देखिए क्या फैसला करती है स्पॉट पर जाने वाली टीम

चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली में एसडीएम अनुपम मिश्रा की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। इसमें 16 फरियादियों ने प्रार्थना पत्र के जरिए गुहार लगाई,  जिसमें मौके पर चार प्रार्थना पत्र का निस्तारण  किया। इस दौरान वाराणसी के मोहम्मद यूसुफ खान पुत्र अब्दुल कवि खान निवासी जे-35/46 ए-11-के तालीम नगर, नक्खी घाट वाराणसी ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उन्होंने दिनांक 08 अगस्त 2022 को शाहजहां पत्नी बद्रुज्जमा निवासी मढिया, परगना राल्हूपुर, जिला चंदौली से एक मकान खरीदा था। उक्त मकान का दाखिल-खारिज 11 नवंबर 2022 को उनके नाम हो चुका है। 

यूसुफ खान का कहना है कि शाहजहां ने बेटी की शादी का हवाला देकर कुछ समय के लिए मकान अपने पास रखने की बात कही थी, मगर शादी के बाद भी उसने मकान खाली नहीं किया। आरोप है कि जब भी वह मकान खाली करने की बात करते हैं तो शाहजहां का पति और उसके बेटे दानिश, ताबिश व नाजिश झूठे मुकदमे में फंसाने और मारपीट की धमकी देते हैं। साथ ही, मकान खाली करने के लिए अतिरिक्त पैसों की मांग भी की जा रही है। खान ने बताया कि उन्होंने कई बार समाधान दिवस पर प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित ने आगे कहा कि एसडीएम साहब निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

इस संबंध में पीडीडीयू नगर एसडीएम अनुपम मिश्रा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर दी गई है। टीम मौके पर जांच करेगी और रिपोर्ट आने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कोतवाली परिसर में 16 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए थे, जिसमें से चार का मौके पर निस्तारण किया गया।