मोबाइल हैकिंग के जरिए हुई साइबर ठगी, खाते से गायब हो गए 50 हजार
मोबाइल हैकिंग के बाद साइबर ठगों ने उड़ाए थे 50 हजार
अलीनगर पुलिस ने कराई रकम की रिकवरी
इंस्पेक्टर बोले -ऑनलाइन लेन-देन या गेम खेलते समय बरतें सावधानी
चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति के साथ मोबाइल हैकिंग के जरिए हुई साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। अलीनगर थाना अंतर्गत लौदा गांव निवासी पीड़ित नुरुल हक के मोबाइल से साइबर ठग ने 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी की थी। घटना के एक माह बाद अलीनगर थाना पुलिस और साइबर क्राइम टीम की सक्रियता से पूरी राशि की रिकवरी कर पीड़ित को वापस करा दी गई।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित नुरुल हक ने एक माह पहले अलीनगर थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनके बच्चे मोबाइल पर गेम खेल रहे थे। इसी दौरान मोबाइल की कोई बटन दब जाने से ऑनलाइन फ्रॉड हो गया और खाते से 50 हजार रुपये गायब हो गए। तहरीर मिलते ही अलीनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। साइबर सेल प्रभारी रमेश यादव, कांस्टेबल अली अहमद, धीरेंद्र यादव और अरुण कुमार तिवारी की टीम ने तत्परता दिखाते हुए साइबर माध्यम से ट्रांजेक्शन का ट्रेस निकाला और बैंक के सहयोग से धनराशि को ब्लॉक कर पीड़ित के खाते में वापस कराया।
6 नवंबर को पूरी राशि की रिकवरी होने के बाद पीड़ित नुरुल हक ने अलीनगर पुलिस का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि इतनी जल्दी उनका पैसा वापस मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि अलीनगर पुलिस और साइबर क्राइम टीम ने ईमानदारी और तत्परता से काम करते हुए भरोसा जीतने का काम किया है।
इस संबंध में अलीनगर थाना प्रभारी अनिल पांडेय ने बताया कि मामला मोबाइल से हुई गलती के कारण फ्रॉड का था। पीड़ित ने सितंबर माह में तहरीर दी थी, जिसके बाद साइबर टीम ने लगातार प्रयास कर धनराशि वापस कराई। प्रभारी ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन लेन-देन या गेम खेलते समय सावधानी बरतें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।