सम्पूर्ण क्रांति एक्सप्रेस से बिहार से दिल्ली जा रहा था 43 लाख का 'हवाला' कैश: DDU जंक्शन पर RPF-GRP ने धर दबोचा

डीडीयू जंक्शन पर आरपीएफ और जीआरपी ने सम्पूर्ण क्रांति एक्सप्रेस के जनरल कोच से एक युवक को 43 लाख रुपये नकद के साथ पकड़ा। आरोपी कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका और रकम को हवाला से जुड़ा बताया। पूरी खबर पढ़ें।
 

डीडीयू जंक्शन पर 43 लाख बरामद

सम्पूर्ण क्रांति एक्सप्रेस में मिला कैश

पिट्ठू बैग से पकड़ा गया युवक

10 लाख पर 10 हजार कमीशन

इनकम टैक्स विभाग ने सीज की रकम

चंदौली जिले के प्रसिद्ध पंडित दीनदयाल उपाध्याय (DDU) जंक्शन पर चेकिंग अभियान के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने 43 लाख रुपये की भारी-भरकम नकदी बरामद की। जानकारी के मुताबिक, पटना से नई दिल्ली जा रही गाड़ी संख्या 12393 सम्पूर्ण क्रांति एक्सप्रेस जंक्शन पर आकर रुकी थी। रात के समय ट्रेन के जनरल कोच में नियमित चेकिंग कर रही पुलिस टीम को एक युवक संदिग्ध हालत में बैठा दिखा, जिसके पास एक पिट्ठू बैग मौजूद था।

पिट्ठू बैग की तलाशी में मिले नोटों के बंडल

शंका होने पर जब सुरक्षा बलों ने युवक से पूछताछ की और उसके पिट्ठू बैग की बारीकी से तलाशी ली, तो उसमें से बड़ी मात्रा में नोटों के बंडल बरामद हुए। नकदी की गिनती कराने पर कुल रकम 43 लाख रुपये निकली। जब युवक से इतनी बड़ी रकम से जुड़े कानूनी व वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई भी कागजात पेश करने में पूरी तरह नाकाम रहा।

हवाला कारोबार से जुड़े तार, कमीशन का खेल

जीआरपी सीओ कुंवर प्रभात सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पकड़ा गया युवक आलोक शाह है, जो बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट का निवासी है। शुरुआती पूछताछ में युवक ने स्वीकार किया कि वह यह रकम पटना से नई दिल्ली ले जा रहा था और यह पैसा हवाला नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि उसे करीब 10 लाख रुपये सुरक्षित एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने पर 10 हजार रुपये का कमीशन मिलता था।

इनकम टैक्स विभाग को सौंपी गई रकम, जांच जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने युवक का मोबाइल फोन और उसके संपर्क लिस्ट की गहनता से जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि दिल्ली में यह रकम किसे सौंपी जानी थी। रकम से संबंधित कोई वैध दस्तावेज न मिलने पर जीआरपी ने तत्काल इनकम टैक्स विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची आयकर विभाग की टीम ने 43 लाख रुपये की नकदी को सीज कर दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।