डीडीयू रेल मंडल में गूंजा "एक पेड़ मां के नाम" का नारा, डीआरएम उदय सिंह मीना ने रोपे पौधे, दी अनूठी सीख

 

विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में डीडीयू रेल मंडल में "एक पेड़ मां के नाम" अभियान का शानदार आगाज हुआ। डीआरएम उदय सिंह मीना की अगुवाई में रेलकर्मियों ने बड़े पैमाने पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

 
 

डीडीयू मंडल में विशेष पौधारोपण

एक पेड़ मां के नाम अभियान

डीआरएम उदय सिंह मीना की पहल

रेलवे स्टेशनों पर जागरूकता कार्यक्रम

सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक

विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के उपलक्ष्य में चंदौली जिले के पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल में पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक बड़ी मुहिम शुरू की गई है। #मिशन_लाइफ अभियान के अंतर्गत बुधवार को "एक पेड़ माँ के नाम" पहल के तहत विशेष पौधारोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रेलवे परिसरों, स्टेशनों, पार्कों तथा रेलवे कॉलोनियों में हरियाली को बढ़ावा देना और आम जनता को प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनाना है।

डीआरएम ने पौधारोपण कर दिया भावुक संदेश
मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर के उद्यान में आयोजित इस मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत डीआरएम उदय सिंह मीना ने खुद पौधा लगाकर की। इस मौके पर उनके साथ अपर मंडल रेल प्रबंधक कुलदीप सहित कई वरिष्ठ रेल अधिकारियों ने भी पौधे रोपे। डीआरएम उदय सिंह मीना ने लोगों को प्रेरित करते हुए कहा कि जिस प्रकार हम सभी अपनी माँ की निस्वार्थ सेवा करते हैं, ठीक उसी तरह हमें इन पौधों की भी पूरी लगन से देखभाल और इनका संरक्षण करना चाहिए।

सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ रेलवे ने खोला मोर्चा
इस विशेष अभियान के दौरान केवल पौधे लगाने पर ही ध्यान केंद्रित नहीं किया गया, बल्कि रेल कॉलोनियों और पार्कों की स्वच्छता व उनके उचित रखरखाव पर भी विशेष जोर दिया गया। रेलवे प्रशासन द्वारा रेलकर्मियों और यात्रियों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करने तथा पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने सभी कर्मचारियों से अपने घरों के आसपास खाली पड़े स्थानों पर अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।

डीडीयू मंडल के कई बड़े स्टेशनों पर चला अभियान
"एक पेड़ माँ के नाम" की यह गूंज केवल डीडीयू मुख्यालय तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि मंडल के विभिन्न प्रमुख स्टेशनों पर भी इसका असर देखा गया। डीडीयू जंक्शन के साथ-साथ सासाराम, गया जंक्शन, डेहरी ऑन सोन और अनुग्रह नारायण रोड स्टेशनों पर भी रेलकर्मियों द्वारा बड़े स्तर पर पौधारोपण किया गया। इस पूरे अभियान के माध्यम से स्थानीय नागरिकों और रेल यात्रियों को स्वच्छ व सुंदर वातावरण बनाने में अपना योगदान देने के लिए जागरूक किया गया।