चंदौली की बाजारों में सड़क पर उतरे DIG वैभव कृष्ण, धनतेरस की रात पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था परखी

 

धनतेरस की रात डीआईजी वैभव कृष्ण ने चंदौली के बाजारों में पैदल गश्त कर सुरक्षा और यातायात का जायजा लिया। व्यापारियों से बातचीत कर 10 साल पुराने मामलों पर भी सख्त निर्देश दिए।

 
 

धनतेरस पर चंदौली के बाजारों में पैदल गश्त

डीआईजी वैभव कृष्ण और एसपी ने परखी सुरक्षा

सर्राफा व्यवसायियों और दुकानदारों से किया सीधा संवाद

त्योहारी सीजन में सुचारु यातायात के सख्त निर्देश

10 वर्षों के अपराध रिकॉर्ड की समीक्षा कर दिए आदेश

दीपावली पर्व के मद्देनजर वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) वैभव कृष्ण लगातार जिलों का दौरा कर रहे हैं। धनतेरस के पावन अवसर पर 6 नवंबर 2026 की रात वे चंदौली पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल और अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ मिलकर थाना मुगलसराय क्षेत्र के मुख्य और संवेदनशील बाजारों में पैदल गश्त की। त्यौहारों के इस सीजन में आम जनता को सुरक्षित माहौल देने और बाजारों में व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन सड़कों पर पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिया।

पुलिस बल और सीसीटीवी कैमरों का लिया जायजा
पैदल गश्त के दौरान डीआईजी ने बाजारों में तैनात पुलिस बल, पिकेट ड्यूटी और सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने देखा कि सुरक्षा उपकरण सही तरीके से काम कर रहे हैं या नहीं। इसके साथ ही, उन्होंने सर्राफा व्यापारियों, दुकानदारों और आम जनता से सीधे बातचीत की। डीआईजी ने उनकी सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं और सुझावों को ध्यान से सुना और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की।

सुगम यातायात के लिए तैयार की गई खास योजना
त्यौहारों के दौरान बाजारों में होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखना पुलिस की प्राथमिकता रही। डीआईजी वैभव कृष्ण ने यातायात प्रबंधन योजना की समीक्षा की। इस दौरान पार्किंग व्यवस्था, वैकल्पिक रास्तों और वन-वे ट्रैफिक सिस्टम की उपयोगिता को जांचा गया। उनका मुख्य जोर इस बात पर था कि खरीदारी करने आने वाले लोगों को जाम का सामना न करना पड़े और यातायात सुचारु रूप से चलता रहे।

दीपावली और धनतेरस पर चंदौली के बाजारों में सुरक्षा चाक-चौबंद करने के लिए डीआईजी वैभव कृष्ण और एसपी ने पैदल गश्त की। सुरक्षा टिप्स दिए और यातायात पर नजर रखी।#chandauli #chandaulinews #chandaulisamachar #Chandaulilive #चंदौलीसमाचार #चंदौली #चंदौलीन्यूज @chandaulipolice pic.twitter.com/BEQPAw6xaD

— Chandauli Samachar (@chandaulinews) November 7, 2026


 


पुराने अपराधों की समीक्षा और अपराधियों पर नजर
गश्त के साथ-साथ डीआईजी ने सुरक्षा के कड़े इंतजामों को लेकर प्रशासनिक समीक्षा भी की। उन्होंने पिछले 10 वर्षों के दौरान दीपावली और भैया दूज के मौके पर घटित लूट और डकैती जैसी घटनाओं की रिपोर्ट देखी। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि इलाके में सक्रिय रहे अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। साथ ही ऐसे तत्वों के खिलाफ समय रहते प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई करने के आदेश दिए गए।

शांतिपूर्ण त्यौहार संपन्न कराने के लिए सख्त निर्देश
निरीक्षण के अंत में डीआईजी ने संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने बाजारों में नियमित रूप से पैदल गश्त करने, संवेदनशील स्थानों पर प्रभावी चेकिंग अभियान चलाने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रखने और व्यापारियों के साथ लगातार तालमेल बनाए रखने को कहा। उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि धनतेरस, दीपावली और भैया दूज का त्यौहार पूरे जिले में शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सके।