लघु उद्योग भारती की जिला स्तरीय बैठक, विधायक रमेश जायसवाल रहे मुख्य अतिथि
भारतीय अर्थव्यवस्था में लघु उद्योगों की भूमिका पर चर्चा
जिले के उद्यमियों ने रखे अपने-अपने विचार
नये पदाधिकारियों का किया गया चुनाव
चंदौली जिले के दीनदयाल नगर (मुगलसराय), चंदौली में लघु उद्योग भारती की जिला स्तरीय बैठक का आयोजन होटल स्प्रिंग स्काई में भव्य रूप से किया गया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की औद्योगिक इकाई लघु उद्योग भारती द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में चंदौली जिले के अनेक उद्यमियों ने भाग लिया। बैठक में मुगलसराय के विधायक रमेश जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और लघु उद्योगों के महत्व पर प्रकाश डाला।
बैठक में प्रमुख रूप से भारतीय अर्थव्यवस्था में लघु उद्योगों की महत्ता विषय पर विचार-विमर्श किया गया। विधायक रमेश जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि लघु उद्योग भारत की रीढ़ हैं और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की पूर्ति में इनका बड़ा योगदान है। उन्होंने सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उद्यमियों को मिलने वाली सहायता का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती के प्रदेश उपाध्यक्ष दीनानाथ बरनवाल, प्रदेश सचिव राजेश कुमार सिंह और डॉ. अनिल यादव ने भी उद्यमिता, स्वरोजगार और उद्योग जगत की संभावनाओं पर अपने विचार रखे। उन्होंने आश्वासन दिया कि संगठन उद्यमियों के हितों की रक्षा हेतु सदैव तत्पर रहेगा।
इस दौरान चंदौली जिला इकाई का औपचारिक गठन भी किया गया। उमाशंकर राय (डब्लू) को जिला अध्यक्ष, पी.एन. राय को महामंत्री और
सतीश राय को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। साथ ही संदीप कुमार शुक्ला, अभय कुमार सिंह, जय कुमार गुप्ता और पवन कुमार प्रजापति को संगठन के प्रभारियों के रूप में नामित किया गया, जिनके पदों की घोषणा आगे की जाएगी।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में रतन कुमार श्रीवास्तव, सतीश जिन्दल, नरेंद्र पाल सिंह, शिवगोविंद राय, रामकिशोर पोद्दार समेत नगर के कई प्रमुख उद्यमी उपस्थित रहे। यह बैठक जिले में लघु उद्योगों को नई दिशा देने की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण पहल रही।