नियामताबाद विकास क्षेत्र के गोधना गांव में पेयजल की समस्या, जल संकट के खिलाफ विरोध प्रदर्शन
चंदौली के गोधना गांव में चार दिनों से जलसंकट
5000 की आबादी हो रही है परेशान
गांव वालों ने खुद चंदा इकट्ठा करके मरम्मत करायी
चंदौली जिले के नियामताबाद विकास क्षेत्र के गोधना गांव में पिछले चार दिनों से भीषण जलसंकट की समस्या बनी हुई है। गांव में लगा पानी का पंप खराब हो जाने के कारण, लगभग 5000 की आबादी वाले इस गांव में पानी की आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, वे इस दौरान एक-दूसरे के घरों से एक या दो बाल्टी पानी लेकर जैसे-तैसे काम चला रहे हैं। इरशाद अहमद गोलू नाम के एक ग्रामीण ने बताया कि पहले भी कई बार जब पंप खराब हुआ था, तो गांव वालों ने खुद चंदा इकट्ठा करके उसकी मरम्मत करवाई थी। बार-बार आने वाली इस समस्या से परेशान होकर, ग्रामीणों ने जल संकट के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
विरोध प्रदर्शन में अजय कुमार, विजय यादव, अनिकेत, नितेश कुमार, साहिल, तस्लीम, इरफान, रोहन, बलवंत, वसीम अहमद, राजेश, शिबू अली, वारिस, हनीफा, रामलाल कनौजिया, अनवर और काशिफ खान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल थे।
इस मामले पर गांव के प्रधान दीनदयाल गोंड से संपर्क किया गया। उन्होंने स्वीकार किया कि उन्हें इस समस्या की जानकारी है और उन्होंने जल्द से जल्द समाधान का आश्वासन दिया। प्रधान ने कहा कि वह जल्द ही पंप की मरम्मत करवाकर पानी की आपूर्ति बहाल कराएंगे। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रधान के आश्वासन पर जल्द ही काम होगा और उन्हें इस गंभीर समस्या से निजात मिलेगी।