दुलहीपुर में सिक्सलेन निर्माण का विरोध, फोरलेन बनाने की उठी मांग

बैठक में यह भी कहा गया कि महाबलपुर के 91 परिवारों को घरौनी स्वामित्व प्रमाणपत्र मिल चुका है, जबकि दुलहीपुर के नागरिक अब तक इससे वंचित हैं। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
 

दुलहीपुर में सिक्सलेन निर्माण रोकने की उठी जोरदार मांग

घनी आबादी में सिक्सलेन निर्माण को बताया अनुचित

भूमि अधिग्रहण कानून 2013 के तहत मुआवजा देने की मांग

चंदौली जिले के पीडीडीयू में दुलहीपुर कैंप कार्यालय पर शनिवार शाम महाबलपुर बचाओ संघर्ष मोर्चा और किसान न्याय मोर्चा की संयुक्त बैठक आयोजित हुई। बैठक में वक्ताओं ने दुलहीपुर क्षेत्र में प्रस्तावित सिक्सलेन सड़क निर्माण को तत्काल रोकने की मांग की। उनका कहना था कि जब पीडीडीयू नगर जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्र में केवल फोरलेन सड़क का निर्माण हो रहा है, तो दुलहीपुर-महाबलपुर मार्ग पर सिक्सलेन बनाना अनुचित है। इससे स्थानीय लोगों के घर और आजीविका पर संकट आ जाएगा।

किसान न्याय मोर्चा के संयोजक एडवोकेट महेंद्र यादव ने कहा कि विभागीय अधिकारी दुलहीपुर के लोगों के साथ भेदभाव कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि दुलहीपुर-महाबलपुर मार्ग पर भी फोरलेन सड़क का ही निर्माण किया जाए, जिससे यातायात सुचारू रहे और लोगों के घरों को नुकसान न पहुंचे। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को भूमि अधिग्रहण कानून 2013 के तहत चौगुना मुआवजा दिया जाए, ताकि वे अपने घरों का पुनर्निर्माण कर सकें। भूमिहीन परिवारों को मकान और रोजगार की व्यवस्था करना भी सरकार की जिम्मेदारी होनी चाहिए।

बैठक में यह भी कहा गया कि महाबलपुर के 91 परिवारों को घरौनी स्वामित्व प्रमाणपत्र मिल चुका है, जबकि दुलहीपुर के नागरिक अब तक इससे वंचित हैं। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। वक्ताओं ने प्रशासन से तत्काल दुलहीपुर के पात्र परिवारों को घरौनी स्वामित्व प्रमाणपत्र देने की मांग की।

मोर्चा के संरक्षक रतन कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि संगठन पिछले तीन वर्षों से लगातार संघर्ष कर रहा है, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही मांगों पर कार्रवाई नहीं की, तो मोर्चा व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

श्रीवास्तव ने कहा कि दुलहीपुर में कभी जाम की स्थिति नहीं बनती, जबकि मुगलसराय में अक्सर जाम लगता है। वहां फोरलेन बनाया जा रहा है तो दुलहीपुर-महाबलपुर में सिक्सलेन की क्या जरूरत है। बैठक में अध्यक्ष चितरंजन सोनकर, उपाध्यक्ष महेंद्र शर्मा, डॉ. आर.के. शर्मा, जीएम सिद्दीकी, गोपाल शर्मा, त्रिलोकी गुप्ता, बाबू सोनकर, एडवोकेट नसीम, खलील, अनिल निगम, गोविंद गुप्ता, बबलू और बादल विश्वकर्मा समेत कई लोग मौजूद रहे।