दुलहीपुर के सतपोखरी में बंद मकान का ताला तोड़कर बड़ी वारदात, दिल्ली गए रिटायर्ड कर्मचारी के घर से 50 लाख से अधिक की चोरी

 

चंदौली के दुलहीपुर क्षेत्र में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर 50 लाख रुपये से अधिक के जेवरात और नकदी पार कर दिए। मकान मालिक अपने बेटे का जन्मदिन मनाने परिवार सहित दिल्ली गए हुए थे।

 
 

बंद मकान से लाखों की चोरी

50 लाख से अधिक का नुकसान

बेटे का जन्मदिन मनाने गए थे दिल्ली

कामवाली ने देखा टूटा हुआ ताला

मुगलसराय पुलिस जांच में जुटी

चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली के अंतर्गत आने वाले दुलहीपुर चौकी क्षेत्र के सतपोखरी मोहल्ले से एक बेहद सनसनीखेज और बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। यहाँ चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान पर साफ हाथ कर दिया। सतपोखरी के रहने वाले 65 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्मचारी असदुल्ला फरीदी अपने बेटे का जन्मदिन मनाने के लिए पूरे परिवार के साथ दिल्ली गए हुए थे, तभी पीछे से चोरों ने इस बड़ी घटना को अंजाम दे डाला।

घर में नहीं लगे थे सीसीटीवी कैमरे
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, चोरी गए सामान की कुल कीमत 50 लाख रुपये से भी अधिक बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि देर रात करीब 12:00 बजे से सुबह 4:00 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने सूने मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया। चोरों ने घर की सभी अलमारियों को बेरहमी से खंगाला और उसमें रखे सारे गहने, कैश और कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। मकान में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे, जिसका पूरा फायदा शातिर चोरों ने उठाया।

सुबह कामवाली लाइट बंद करने पहुंची तो खुला राज
इस पूरी वारदात का खुलासा रविवार की सुबह तब हुआ, जब रोजाना की तरह घर में काम करने वाली 40 वर्षीय लक्ष्मीना मकान की लाइट बंद करने के लिए वहां पहुंचीं। उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। किसी अनहोनी की आशंका होने पर जब वह घर के अंदर गईं, तो कमरों का सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली हुई थीं। उन्होंने तुरंत शोर मचाकर पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद हड़कंप मच गया।

मुगलसराय पुलिस जांच और साक्ष्य जुटाने में जुटी
पड़ोसियों ने फौरन यूपी-112 और स्थानीय पुलिस को फोन किया। इसके साथ ही दिल्ली में मौजूद मकान मालिक असदुल्ला फरीदी को भी खबर दी गई, जिसके बाद वे तुरंत दिल्ली से वापस रवाना होकर मौके पर पहुंचे। उनके आने के बाद पुलिस ने उनकी मौजूदगी में पूरे घर का निरीक्षण किया और चोरी गए सामान की लिस्ट तैयार की। इस संबंध में मुगलसराय इंस्पेक्टर विजय प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा मामले की गहराई से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे का मुकदमा दर्ज किया जाएगा।