यात्रीगण ध्यान दें : स्टेशन पर पान गुटखा खाकर जाएंगे तो भुगतनी पड़ेगी सजा, लगेगा भारी भरकम जुर्माना
पान गुटखा खाकर स्टेशन पर जाने वालों पर ठोंका जाएगा जुर्माना
आज पकड़े गए लोगों को लगा फाइन
मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक अक्षय कुमार की टीम कर रही कार्रवाई
चंदौली जनपद के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर जंक्शन पर स्वच्छता को लेकर रेल कर्मी बेहद सतर्क है, जिसका परिणाम है कि पान गुटखा खाकर स्टेशन परिसर में गंदगी करने वाले लोगों पर जुर्माना ठोंकने की कार्यवाही की जा रही है। इस कार्यवाही से आसपास के नशा करने वाले लोगों में हड़कंप मच गया और लोग इधर उधर मुंह पोछते हुए भागने लगे। पान गुटखा खाकर थूकने के दौरान डीडीयू जंक्शन पर गुरुवार को सायंकाल दो लोगों को मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक द्वारा पकड़ कर जुर्माना कराया गया।
आपको बता दें कि चंदौली जनपद के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर जंक्शन पर विशेष सफाई का जहां अभियान चल रहा है। वहीं स्वच्छता बनाए रखने के लिए मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक की टीम भी चप्पे चप्पे पर निगाह बनाई हुई है, जिसका परिणाम है कि गुरुवार को सायंकाल दो यात्री प्लेटफार्म संख्या दो पर गुटका पान खाकर थूक रहे थे। इसी दौरान मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक अक्षय कुमार की निगाह उन पर पड़ गई और उन लोगों को तत्काल कमर्शियल विभाग में ले जाकर दो सौ रुपए के जुर्माने की रसीद पकड़ा दी और उन्हें जागरूक भी किया, ताकि दोबारा ऐसा गलती न करें।
साथ ही अन्य लोगों को चेतावनी देते हुए कहा गया की कभी भी गुटका पान खाकर स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में ना चलें और ना ही कहीं गंदगी करने का प्रयास करें। अगर ऐसा किया जाएगा तो फिर और अधिक रुपए के जुर्माने की कार्यवाही की जाएगी। मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक की इस कार्यवाही से पान गुटखा खाने वालों में हड़कंप मच गया और लोग इधर-उधर मुंह पोछते हुए भाग खड़े हुए। प्रतिदिन अभियान चलाकर स्टेशन परिसर को स्वच्छ रखने के लिए धूम्रपान जैसी वस्तुओं का सेवन कर गंदगी करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है।
इस संबंध में पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर जंक्शन पर तैनात मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक अक्षय कुमार ने बताया कि स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ समाज का निर्माण करता है। इसलिए हम सभी को स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है, जिससे कि लोग स्वस्थ रह सके हमारा स्लोगन भी है "स्वच्छ भारत और स्वस्थ भारत"। कई दिनों से गुटका पान खाकर गंदगी करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर जुर्माने की कार्यवाही की जा रही है। यह जुर्माना कमर्शियल विभाग में जमा किया जाता है।