पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक ने किया दौरा, डीडीयू में हम्प यार्ड और नए आरआरआई भवन का निरीक्षण
 

पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने आज रविवार 19 मई 2024 को पंडित दीन दयाल उपाध्याय रेल मंडल मुख्यालय पर विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण किया।
 

GM साहब ने मंडल रेल के कई कार्यों को जांचा

मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय पर अधिकारियों की ली मीटिंग

अफसरों के कई सुझावों पर चर्चा 

 

चंदौली जिले में पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने आज रविवार 19 मई 2024 को पंडित दीन दयाल उपाध्याय रेल मंडल मुख्यालय पर विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण किया। साथ ही साथ मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक करके कई जरूरी दिशा निर्देश दिए।

बताया जा रहा है कि महाप्रबंधक तरुण प्रकाश द्वारा आज सर्वप्रथम स्टेशन के डाउन हम्प यार्ड जाकर वहां टावर व सिस्टम के साथ कार्य प्रक्रिया का निरीक्षण किया गया। इसके उपरांत महाप्रबंधक ने रेल परिचालन क्षमता में वृद्धि हेतु पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पर नए आरआरआई सिस्टम की स्थापना संबंधी कार्यों के निरीक्षण किया।

इसी क्रम में स्टेशन के पास स्थित नवनिर्मित मुख्य आरआरआई भवन पर जाकर वहां कार्य प्रगति का सूक्ष्मता से जायजा लिया गया। 

सभी जगहों को देखने के बाद महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय पर अधिकारियों के साथ बैठक करके कई सुझावों पर चर्चा की और अफसरों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। इस पूरे निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक राजेश गुप्ता सहित अन्य अधिकारी व रेल कर्मचारी भी उपस्थित रहे।